आईपीएल 2026 के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। श्रीलंकाई स्टार तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना और स्पिन ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा अभी तक अपनी टीमों से नहीं जुड़ पाए हैं। दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस और NOC को लेकर स्थिति साफ नहीं थी। अब इस मामले में नई अपडेट सामने आई है।
आईपीएल 2026 में कई विदेशी खिलाड़ी अब तक अपनी-अपनी टीमों से नहीं जुड़ पाए हैं, जिनमें श्रीलंका के दो बड़े खिलाड़ी मथीशा पथिराना और वानिंदु हसरंगा भी शामिल हैं। दोनों खिलाड़ी चोट से रिकवर कर रहें और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से NOC नहीं मिल पाने की वजह से फिलहाल बाहर चल रहे हैं।
मथीशा पथिराना को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में 18 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था। वहीं वानिंदु हसरंगा को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन दोनों ही खिलाड़ी अभी तक अपनी टीम के साथ नहीं जुड़े हैं।
दरअसल, दोनों खिलाड़ी T20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान चोटिल हो गए थे। हसरंगा को आयरलैंड के खिलाफ मैच में हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी, जबकि पथिराना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में चोट का शिकार हुए थे। इसी वजह से दोनों टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए थे।
ईएसपीएनक्रिकइन्फो की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों खिलाड़ियों को अभी तक श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से NOC भी नहीं मिली है और फिटनेस टेस्ट भी बाकी है। रिपोर्ट के अनुसार, पथिराना ने नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है और वह अप्रैल के मध्य तक KKR टीम से जुड़ सकते हैं। वहीं हसरंगा का मामला थोड़ा मुश्किल नजर आ रहा है, क्योंकि उन्होंने अभी तक NOC के लिए आवेदन भी नहीं किया है, जिससे IPL 2026 में उनका खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।
Also Read: LIVE Cricket Score
टीमों के अभी तक के प्रदर्शन की बात करें तो KKR की शुरुआत इस सीजन काफी खराब रही है। टीम अपने पहले दो मुकाबले हार चुकी है और तीसरा मैच बारिश की वजह से रद्द होने के कारण उसे सिर्फ 1 अंक से संतोष करना पड़ा है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें 1 जीत और 1 हार मिली है। ऐसे में दोनों टीमों को अपने इन स्टार खिलाड़ियों के जल्द जुड़ने का इंतजार रहेगा, ताकि टीम संतुलन और मजबूत हो सके।