आईपीएल के बाद अब भारत में एक और बड़ी विदेशी क्रिकेट लीग की एंट्री हो सकती है। ऑस्ट्रेलिया की मशहूर टी20 लीग बिग बैश लीग का एक मुकाबला भारत में कराने पर विचार किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी इसको लेकर भारत आए थे और संभावित मेज़बान शहरों का जायजा लिया गया है।
आईपीएल की जबरदस्त लोकप्रियता के बाद अब भारत में एक और इंटरनेशनल टी20 लीग का रोमांच देखने को मिल सकता है। ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग अपने आगामी 16वें सीजन के पहले मुकाबले को भारत में आयोजित करने की योजना बना रही है। इसको लेकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने शुरुआती स्तर पर बातचीत भी शुरू कर दी है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के दो वरिष्ठ अधिकारी हाल ही में भारत पहुंचे थे और चेन्नई जैसे शहर को संभावित मेज़बान स्थल के तौर पर देखा गया। हालांकि अभी तक फ्रेंचाइज़ियों को आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
इस योजना को अमल में लाने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को भारत के क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई और ब्रॉडकास्टर्स की मंजूरी भी जरूरी होगी। अगर हरी झंडी मिलती है, तो यह भारतीय दर्शकों के लिए एक बड़ा क्रिकेटिंग तोहफा साबित हो सकता है।
बिग बैश लीग के पिछले सीजन की बात करें तो फाइनल में पर्थ स्कॉर्चर्स ने सिडनी सिक्सर्स को हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम किया था।
Also Read: LIVE Cricket Score
बिग बैश लीग में दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। भारतीय पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी पिछले सीजन इस लीग का हिस्सा बनने वाले थे, लेकिन चोट के चलते मैदान पर उतर नहीं सके थे। अगर यह योजना सफल होती है, तो भारत क्रिकेट के ग्लोबल हब के रूप में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर लेगा।