Women's Asia Cup 2026, IND-W vs HK-W: भारत ने महिला एशिया कप 2026 के इस मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ 137 रन से एकतरफा अंदाज में शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 193 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में हांगकांग की पूरी टीम सिर्फ 56 रन पर सिमट गई। वहीं इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
महिला एशिया कप 2026 का सातवां मुकाबला भारत और हांगकांग के बीच गुरुवार (3 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 74 रन की अहम साझेदारी की। शेफाली वर्मा ने 17 गेंदों में 28 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
वहीं इसके बाद स्मृति मंधाना ने मोर्चा संभाल लिया और हांगकांग के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने महज 57 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और कुल 64 गेंदों में 124 रन की तूफानी पारी खेली। मंधाना की इस पारी में 14 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
हांगकांग की ओर से गेंदबाजी में मरीना लैम्पलॉ ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि जॉयलीन कौर और रुचिता वेंकटेश को 1-1 सफलता मिली।
194 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। सलामी बल्लेबाज और कप्तान नताशा माइल्स ने 15 रन बनाए, जबकि यास्मिन दासवानी 11 और मरीना लैम्पलॉ 14 रन बनाकर आउट हुईं। इनके अलावा टीम के 8 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाईं और पूरी टीम 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने 137 रन के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। प्रेमा रावत, श्री चरणी और नंदनी शर्मा ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस शानदार जीत के साथ भारत के खाते में 4 अंक हो गए हैं और टीम ने महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई है।