सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में मुंबई ने जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है। वहीं, बड़ौदा, हरियाणा और पुडुचेरी ने भी बुधवार को आसान जीत दर्ज की।
उत्तर प्रदेश बनाम बड़ौदा: ग्रुप ए के मैच में बड़ौदा ने उत्तर प्रदेश को 18.1 ओवर में 92 रनों पर समेट दिया और फिर 9.1 ओवर में 2 विकेट खोकर 96 रन बनाते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की। गेंदबाजी में अतीत सेठ ने 3 विकेट लिए, जबकि हेमंत पुंडे और रसिक सलाम डार ने 2-2 विकेट लेकर उत्तर प्रदेश के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त किया।
उत्तर प्रदेश के लिए समीर रिजवी ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज कोई बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। इसके जवाब में, शाश्वत रावत 39 रन बनाकर नाबाद रहे और अमित पासी ने 38 रनों का योगदान दिया, जिससे बड़ौदा ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
हरियाणा बनाम तमिलनाडु: ग्रुप बी के मुकाबले में हरियाणा ने तमिलनाडु को 19.5 ओवर में 124 रनों पर रोका। इसके बाद टीम ने 125 रनों के लक्ष्य को 16.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। हरियाणा की तरफ से गेंदबाजी में निशांत सिंधु और युजवेंद्र चहल ने 3-3 विकेट लिए, जबकि कनिष्क चौहान और राहुल तेवतिया को 1-1 विकेट मिला। तमिलनाडु के लिए अमित सात्विक ने 17 गेंदों में 38 रनों की तेज शुरुआत दी, जबकि बी. सचिन ने 27 और शाहरुख खान ने 22 रन बनाए। हरियाणा की ओर से कप्तान अंकित राजेश कुमार ने 43 रन बनाए और निशांत सिंधु 33 रन बनाकर नाबाद रहे।
पुडुचेरी बनाम असम: ग्रुप सी के मैच में पुडुचेरी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए असम को 61 रनों से हराया। पुडुचेरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 192 रन बनाए। टीम की तरफ से कप्तान अमन खान ने 32 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि परमेश्वरन शिवरामन ने 43 गेंदों में 53 रन बनाकर पुडुचेरी के बड़े स्कोर की नींव रखी। पुगाझेंदी आकाश ने भी 21 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में असम की पारी कभी भी रफ्तार नहीं पकड़ सकी। प्रद्युन सैकिया ने 44 और आकाश सेनगुप्ता ने 42 रन बनाए। पुडुचेरी के गेंदबाजों में आदिल अयूब टुंडा सबसे सफल रहे, जिन्होंने 19 रन देकर 3 विकेट लिए।
मुंबई बनाम गोवा: एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में मुंबई ने गोवा को 18 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की पूरी टीम 207 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की तरफ से मुशीर खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, जबकि साईराज पाटिल ने 40 रनों का योगदान दिया। हालांकि, इसके जवाब में गोवा की पूरी टीम 189 रन बनाकर सिमट गई। 44 गेंदों पर खेली गई 81 रनों की ललित की आतिशी पारी भी गोवा टीम की हार को नहीं टाल सकी। बल्ले से अहम योगदान देने के साथ-साथ साईराज ने 3 बड़े विकेट भी चटकाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
Article Source: IANS