विश्वास कीजिए: लगभग सात दशक पहले, एक मशहूर क्रिकेटर की किताब छपी और तब भी लगभग वही हुआ था जो अब हो रहा है। उस्मान ख्वाजा की तरह से उन्होंने भी बॉल-टेम्परिंग के बारे में खुलासे किए थे और सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात तो ये कि माना कि वे खुद भी ऐसा करते थे। जिस एक खास सीरीज का उन्होंने जिक्र किया वह एक मशहूर एशेज सीरीज थी।
ऑस्ट्रेलिया के बॉल टैंपरिंग इतिहास के अनसुने किस्से - ऑस्ट्रेलिया के 2018 के बॉल-टैंपरिंग स्कैंडल पर उस्मान ख्वाजा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी 'सब्र' (Sabr) में जो खुलासे किए हैं, उनसे जो हंगामा हो रहा है वह सभी के सामने है। बहरहाल इस से, उस पुराने किस्से की याद फिर ताजा हो गई जिसे वास्तव में सब भूल चुके थे। कुछ फर्क हैं: इस बार सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ था, जबकि सात दशक पहले उन्होंने पाउडर रेजिन (powdered resin) का इस्तेमाल करने की बात कही थी। तब भी पूरी टीम को इसके बारे में पता था।
ये सब बताया ऑस्ट्रेलिया के मशहूर लेग-स्पिनर आर्थर मैली (Arthur Mailey) ने 1958 में छपी अपनी ऑटोबायोग्राफी '10 फॉर 66 एंड ऑल दैट' (10 for 66 and All That) में 1920-21 की एशेज सीरीज के दौरान उनकी टीम द्वारा इस्तेमाल किए तरीकों का खुलासा करते हुए।
मैली अपने समय में ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन लेग-ब्रेक और गूगली गेंदबाज में से एक थे (21 टेस्ट में 99 विकेट)। इसके अलावा, वे एक शानदार कार्टूनिस्ट, जर्नलिस्ट और ह्यूमर (हंसी-मजाक) लेखक भी थे। तब उनकी किताब एक बेस्टसेलर बनी। इसे क्रिकेट के किस्सों के साथ-साथ, ड्रेसिंग रूम के अंदर की बातों और फोटो के लिए भी याद किया जाता है।
1920-21 की एशेज, पहले वर्ल्ड वॉर के बाद की पहली एशेज सीरीज थी। वॉरविक आर्मस्ट्रांग की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने सभी 5 टेस्ट जीते। ऑस्ट्रेलिया की इस कामयाबी में मैली की गेंदबाजी का बड़ा योगदान था और 5 टेस्ट में कुल 36 विकेट लिए थे। ये तो उन्होंने बाद में लिख दिया कि वे बॉल-टेंपरिंग करते थे।
इस किताब में, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की घातक गेंदबाजी की कामयाबी का राज खोला। उन्होंने लिखा कि वे अपनी जेब में, हमेशा पाउडर वाला रेजिन रखते थे और जब अंपायर नहीं देख रहे होते थे, तो उसे गेंद पर लगा देते थे। ये भी माना कि वे गेंद की सीम (सिलाई) को भी गलत तरीके से उखाड़ते थे, 'हालांकि क्रिकेट लॉ में इसकी इजाजत नहीं थी पर मैं ये मानता हूं कि मैं हमेशा अपनी जेब में रेजिन (राल) का पाउडर रखता था। जब अंपायर नहीं देख रहा होता था, तो मैं गेंद की सीम (सिलाई) को उखाड़ देता था।'
यह रेजिन एक तरह से वार्निश का काम करता था, जिससे गेंद पर बेहतर पकड़ और उसे ज्यादा टर्न कराने में मदद मिलती थी।सीम उखाड़ने से ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जैक ग्रेगरी और टेड मैकडोनाल्ड को अतिरिक्त स्विंग और बाउंस हासिल करने में मदद मिलती थी। इस तरह, ऑस्ट्रेलिया ने गेंद की स्थिति के साथ छेड़छाड़ का पूरा फायदा उठाया। मैली के अनुसार ड्रेसिंग रूम में सभी को इस बारे में मालूम था और एक अनोखा दावा ये भी कर दिया कि इंग्लैंड के कप्तान जॉनी डगलस को भी इसके बारे में पता था।
सिडनी में खेले आखिरी टेस्ट के दौरान, डगलस को मैली की हरकतों पर शक हुआ तो उन्होंने मैली से इस बारे में बात की, 'आर्थर, तुम रेजिन का इस्तेमाल कर रहे हो। मैं अंपायर से तुम्हारी शिकायत कर दूंगा।'
मैली ने तब इस आरोप को नहीं माना। इसके बजाय, उन्होंने डगलस से कहा, वे अपना दाहिना हाथ दिखाएं। मैली के अनुसार, इंग्लिश कप्तान के अंगूठे का नाखून बाहर की तरफ से इतना घिस गया था कि मांस दिख रहा था। ये साफ ये इशारा कर रहा था कि डगलस खुद भी अपने गेंदबाजों की मदद के लिए गेंद की सीम को उखाड़ रहे थे ! डगलस इस पर मुस्कुरा दिए और दोनों ने मामला वहीं दबा दिया। दोनों में से किसी ने भी एक-दूसरे की शिकायत नहीं की।
एक और मजेदार बात ये थी कि उन दिनों विकेटकीपरों को ये इजाजत थी कि वे अपने ग्लव्स पर रेजिन लगा लें। इसलिए जब भी मैली के पास जेब में रेजिन खत्म हो जाता था, तो वे ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बर्ट ओल्डफील्ड से लंबे समय के लिए हाथ मिलाते रहते थे!
और भी दिलचस्प बात ये कि उनके अनुसार 1920-21 की सीरीज के बाद भी ये बॉल-टैंपरिंग का सिलसिला बंद नहीं हुआ था। हैरानी की बात तो ये कि मैली ने इतना सब कुछ और साफ-साफ लिख दिया, तब भी किसी ने कोई बड़ा एक्शन नहीं लिया। उनकी किताब 1958 में छपी और उसमें वे लिख रहे थे उस सीरीज की घटनाओं के बारे में जिसे खेले भी 37 साल से ज्यादा हो चुके थे। तब तक, इसमें शामिल ज्यादातर खिलाड़ी रिटायर हो चुके थे। मैली ने जो लिखा उसे एक पुराने दौर के क्रिकेट के किस्सों की तरह से ले लिया, किसी ने इसे उनका ह्यूमर बता दिया, इसका मजा लिया और भुला दिया। यहां तक कि उनके इस खुलासे के बाद इंग्लैंड की तरफ से भी इसका कोई ऑफिशियल विरोध या इंकार नहीं किया गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
तब आईसीसी, 'इंपीरियल क्रिकेट कॉन्फ्रेंस' के नाम से काम करती थी। उन्होंने भी मैली के इस खुलासे के बाद न तो कोई जांच की, न ही उनसे कुछ पुछा और न ही उनके विरुद्ध कोई एक्शन लिया। तो ये किस्सा, इस स्टेटमेंट के साथ खत्म करते हैं कि ये मत मान लीजिए कि ऑस्ट्रेलिया वालों ने क्रिकेट बॉल के साथ छेड़छाड़ करना 2018 में केपटाउन में सैंडपेपर (रेगमाल) के इस्तेमाल से शुरू किया।