IND vs WI ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा एवं आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को मुल्लांपुर में होगा।
इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है, लेकिन इंग्लैंड दौरे पर वनडे टीम का हिस्सा रहे कुछ बड़े नाम इस बार टीम में नजर नहीं आएंगे। इसकी वजह यह है कि इन खिलाड़ियों को एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। आइए इस खास आर्टिक के जरिए जानते हैं उन पांच खिलाड़ियों के बारे में।
1. श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम के उपकप्तान थे। उन्होंने इंग्लैंड दौरे के पहले वनडे में 53 गेंदों पर 35 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में 71 गेंदों पर 66 रन की पारी खेली थी। अय्यर को एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टी20 टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है। यही वजह है कि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं हैं। अय्यर अब तक 82 वनडे खेल चुके हैं और 76 पारियों में 45.44 की औसत से 3136 रन बनाए हैं।
2. ईशान किशन
विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन भी इंग्लैंड दौरे पर भारतीय वनडे टीम का हिस्सा थे। वह पहले वनडे में प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं थे, लेकिन अगले दोनों मुकाबलों में उन्हें खेलने का मौका मिला था। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में ईशान नजर नहीं आएंगे, क्योंकि वह भी एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई टीम का हिस्सा हैं। ईशान ने भारत के लिए अब तक 32 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 42.57 की औसत से 1107 रन दर्ज हैं।
3. जसप्रीत बुमराह
टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले खेले थे। हालांकि, लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से पहले बुमराह बाएं घुटने की चोट के कारण बाहर हो गए थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भी बुमराह टीम का हिस्सा नहीं हैं और एशियन गेम्स 2026 के लिए चुने गए खिलाड़ियों में शामिल हैं। बुमराह के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 91 मैचों में 23.74 की औसत से 151 विकेट चटकाए हैं।
4. अर्शदीप सिंह
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को इंग्लैंड दौरे के शुरुआती दो वनडे में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी। लेकिन बुमराह के चोटिल होने के बाद उन्हें लॉर्ड्स वनडे में खेलने का मौका मिला था। अब अर्शदीप भी वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में नजर नहीं आएंगे। वह भी एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम का हिस्सा हैं। अर्शदीप ने अब तक 18 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 25.16 की औसत से 30 विकेट हैं।
5. अक्षर पटेल
इस लिस्ट में पांचवां बड़ा नाम ऑलराउंडर अक्षर पटेल का है। इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे में अक्षर ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 62 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे और साथ ही बल्लेब से नाबाद 57 रन की पारी खेली थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
अक्षर का वनडे रिकॉर्ड भी काफी शानदार है। उन्होंने अब तक 74 मैचों में 32.73 की औसत से 80 विकेट हासिल किए हैं और 52 पारियों में 23.53 की औसत से 918 रन भी बनाए हैं। हालांकि, वेस्टइंडीज सीरीज में वह भी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि उनका चयन भी एशियन गेम्स 2026 के लिए हुआ है।