IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा।

Advertisement

शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम के लिए यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल की रेस में बने रहने के लिहाज से काफी अहम है। हालांकि श्रीलंका को उसके घर में हराना इतना भी आसान नहीं होगा। घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए मेजबान टीम के कुछ खिलाड़ी भारत के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।

आइए जानते हैं श्रीलंका के उन तीन खिलाड़ियों के बारे में, जिनसे टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज के दौरान सबसे ज्यादा सावधान रहना होगा।

1. कामिंदु मेंडिस
श्रीलंका के उपकप्तान कामिंदु मेंडिस भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं। वह बल्लेबाजी क्रम में नंबर-4 पर खेलते हैं और टीम के मध्यक्रम की अहम कड़ी हैं। कामिंदु ने अब तक 16 टेस्ट मैचों में 1453 रन बनाए हैं और उनका बल्लेबाजी औसत 58.12 का है। उनके नाम कई बड़ी पारियां दर्ज हैं। खास बात यह है कि टेस्ट क्रिकेट में उनके 5 शतकों में से दो शतक गाले में ही आए हैं। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों के सामने घरेलू परिस्थितियों में कामिंदु को रोकना बड़ी चुनौती हो सकती है।

2. प्रभात जयसूर्या
श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या को भारतीय बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती माना जा सकता है। खासकर इसलिए क्योंकि भारतीय टीम को पिछले कुछ समय से स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ कई बार परेशानी का सामना करना पड़ा है।

जयसूर्या ने अब तक 23 टेस्ट मैचों में 125 विकेट हासिल किए हैं और उनका गेंदबाजी औसत 32.03 का है। गाले में उनका रिकॉर्ड और भी शानदार है। उन्होंने इस मैदान पर 11 टेस्ट मैच खेले हैं और 81 विकेट अपने नाम किए हैं, जिसमें उनका औसत 26.63 रहा है। लंबे स्पेल डालने की क्षमता और लगातार एक जैसी गेंदबाजी करने का उनका अंदाज भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकता है। 

3. असिथा फर्नांडो
श्रीलंका के स्टार तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो भी भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। वह नई गेंद से विकेट निकालने के लिए जाने जाते हैं और उनकी स्किडी गेंदबाजी बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है। असिथा की खासियत यह है कि उनका घरेलू और विदेशी रिकॉर्ड बहुत ज्यादा अलग नहीं है। उन्होंने घर से बाहर खेले 13 टेस्ट मैचों में 26.36 की औसत से विकेट लिए हैं, जबकि इतने ही घरेलू टेस्ट में उनका गेंदबाजी औसत 29.83 रहा है। इससे पता चलता है कि वह परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने में सक्षम हैं।

Also Read: LIVE Cricket Score

असिथा ने अब तक 26 टेस्ट मैचों में 87 विकेट लिए हैं और उनका गेंदबाजी औसत 27.51 का है। भारत के खिलाफ नई गेंद से वह यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल जैसे सलामी बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार