नई दिल्ली, 29 दिसम्बर (CRICKETNMORE)| भारतीय क्रिकेट के लिए साल 2017 एक ऐसा साल रहा है जहां उसने वो मुकाम हासिल किया जिसे पाने का सपना हर टीम देखती है। साल का अंत होने तक टीम ने विश्व क्रिकेट में अपनी बादशाहत को और मजबूत किया। 

Advertisement

हालांकि, भारत ने अधिकतर क्रिकेट अपने घर में खेली, लेकिन जो हासिल किया वो घर में स्वर्णिम काल से कम नहीं है। एक भी द्विपक्षीय सीरीज में हार नहीं मिली, टेस्ट में कोई भारत को मात नहीं दे पाया, टी-20 में टीम ने अपने वर्चस्व को और मजबूत किया, जो टीम सामने आई उसे हार मिली। 

Advertisement

सुप्रीम कोर्ट ने अनुराग ठाकुर की BCCI से की छुट्टी

साल की शुरुआत वैसी नहीं रही थी, जैसा अंत रहा। मैदान से बाहर भारत ने काफी कुछ देखा। दो जनवरी को ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की बागडोर सर्वोच्च अदालत ने अनुराग ठाकुर के हाथों से छीन ली। ठाकुर के साथ अजय शिर्के भी सचिव पद से हटा दिए गए। लोढ़ा समिति की सिफारिशों पर अमल में चूक के चलते बीसीसीआई को काफी कुछ झेलना पड़ा। 

 

धोनी ने छोड़ी टीम इंडिया की कप्तानी

Advertisement

इस बीच मैदान के अंदर भी काफी कुछ हुआ। देश को दो विश्व कप दिलाने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे और टी-20 की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया। देश ने जिस शख्स को सिर्फ और सिर्फ कप्तान के रूप में देखा वो स्वेच्छा से अपना पद एक युवा और धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली को देने को तैयार हो गया। 

 

कोहली की कप्तानी में इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया को दी मात

Advertisement

टेस्ट कप्तान कोहली ने इस बागडोर को सीमित ओवरों में बखूबी संभाला और पहली सीरीज में इंग्लैंड को मात दी। इंग्लैंड को वनडे और टी-20 में शिकस्त देने के बाद भारत ने टेस्ट में अपने विजय क्रम को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में भी जारी रखा। 

ऑस्ट्रेलिया के रूप में उसके लिए ऐसी चुनौती खड़ी थी जो बेहद मुश्किल थी। ऑस्ट्रेलिया ने पुणे में खेले गए पहले मैच को जीतकर बता दिया कि भारत उसे किसी भी कीमत में हल्के में नहीं ले सकता। एक मुश्किल पिच पर रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के सामने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ शतकीय पारी खेल मैच अपने नाम कर ले गए। 

लेकिन, भारत ने यहां हार नहीं मानी और फिर शानदार वापसी करते हुए चार टेस्ट मैचों की सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया। 

 
Advertisement

चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के हाथों मिली हार

बेहतरीन फॉर्म के साथ भारतीय टीम इंग्लैंड की जमीन पर चैम्पियंस ट्रॉफी खेलने पहुंची। भारत इस टूर्नामेंट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। उम्मीद के मुताबिक उसने प्रदर्शन भी किया और फाइनल में जगह बनाई, लेकिन फिर वो हुआ जो किसी ने नहीं सोचा था। फाइनल भारत और पाकिस्तान जैसे दो चिर-परिचित प्रतिद्वंद्वियों के बीच था। पाकिस्तान ने इस मैच में भारत को एकतरफा मात दी और पहली बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में भारत को हराया और पहली बार चैम्पियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। 

 
Advertisement

अनिल कुंबले का टीम इंडिया के कोच पद से इस्तीफा

मैदान पर टीम की हार से मायूस प्रशंसकों को इसी दौरान एक और झटका लगा। टीम के मुख्य कोच अनिल कुंबले और कप्तान विराट कोहली के बीच मनमुटाव की खबरों ने बाजार गर्म किया। इस विवाद पर कुंबले ने अपना इस्तीफा देकर मुहर लगाई जिसमें उन्होंने कोहली के साथ मनमुटाव की बातों को सरेआम कबूला। 

Advertisement

इंग्लैंड से टीम बिना मुख्य कोच के वेस्टइंडीज पहुंची। जहां वनडे सीरीज में उसने मेजबानों को 3-1 से हराया, लेकिन इकलौते टी-20 में हार गई।

 

नया कोच चुनने को लेकर विवाद

Advertisement

घर लौटते ही कोच का मुद्दा फिर गरमाया और टीम के पूर्व निदेशक रहे रवि शास्त्री ने मुख्य कोच पद के लिए आवेदन दाखिल किया। पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी इस रेस में शामिल हुए, लेकिन कोहली के पसंदीदा शास्त्री को कोच पद का कार्यभार मिला। विवाद सिर्फ यहीं खत्म नहीं हुआ। कोच चुनने वाली सीएसी ने जहीर खान और राहुल द्रविड़ को टीम के गेंदबाजी और बल्लेबाजी सलाहकार के तौर पर चुना। लेकिन मुख्य कोच शास्त्री, भरत अरुण को गेंदबाजी कोच के रूप में चाहते थे, अंतत: उन्हीं की सुनी गई और अरुण ड्रेसिंग रूम पहुंच गए।

 

श्रीलंका को 9-0 से रौंदा

Advertisement

शास्त्री का कोच के तौर पर पहला दौरा श्रीलंका का था। भारत ने श्रीलंका को उसी के घर में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-0 से मात दी। इसके बाद वनडे सीरीज में भी भारत ने श्रीलंका को 5-0 और एक मात्र टी-20 में भी मात दी।

 

 कुलदीप यादव ने लिए हैट्रिक

Advertisement

श्रीलंका से लौटने के बाद भारत ने एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी की और उसे सीमित ओवरों में करारी शिकस्त दी। वनडे सीरीज पर भारत ने 4-1 से कब्जा जमाया। इस वनडे सीरीज में कोलकाता में खेल गए मैच में कुलदीप यादव ने हैट्रिक ली। वह वनडे में भारत के लिए हैट्रिक लगाने वाले तीसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले, चेतन शर्मा और कपिल देव ने वनडे में भारत के लिए हैट्रिक ली थी। भारत ने वनडे के बाद ऑस्ट्रेलिया को टी-20 में भी मात दी।

 

नेहरा का इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी के बाद भारत ने तीन टी-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की मेजबानी की और खेल के दोनों प्रारूप में उसे शिकस्त दी। इस टी-20 सीरीज के दिल्ली में खेले गए पहले मैच में तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने अतंर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। 

तकरीबन तीन महीने बाद भारत और श्रीलंका के बीच फिर तीनों प्रारूप में सीरीज खेली गई, लेकिन इस बार मेजबान भारत था। भारत ने अपने घर में श्रीलंका को तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से धूल चटाई। भारत की यह लगातार नौवीं टेस्ट सीरीज जीत थी और इसी के साथ उसने ऑस्ट्रेलिया के लगातार सबसे ज्यादा टेस्ट सीरीज जीतने के रिकार्ड की बराबरी कर ली। 

 

तीनों फॉर्मेट में मचाया धमाल

Advertisement

भारत का विजय क्रम यहीं नहीं रुका। उसने श्रीलंका को वनडे सीरीज में 2-1 और टी-20 में 3-0 से मात देते हुए साल का अंत द्विपक्षीय सीरीज में अपारिजत रहते हुए किया। भारत ने साल का अंत टेस्ट में पहले स्थान तथा टी-20 और वनडे में दूसरे स्थान के साथ किया। 

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत ने इस साल जो प्रदर्शन किया और अपनी बादशाहत का लोहा मनवाया उसे देखते हुए भारत से अगले साल भी इसी प्रदर्शन की उम्मीद होगी। हालांकि, अगले साल उसे अधिकतर क्रिकेट घर से बाहर खेलनी है, जो इस युवा और संतुलित मानी जाने वाली टीम की अब तक की सबसे बड़ी चुनौती होगी।

Advertisement

(IANS)

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार