पिछले दिनों मोहम्मद फारूक ने 14 छक्के लगाकर, पाकिस्तान के फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के का माजिद खान का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तब भी, माजिद खान की 13 छक्कों वाली अद्भुत पारी को कैसे भूल जाएं? 1967 में स्वांसी में माजिद ने जो रिकॉर्ड बनाया, उसे आक्रामक बल्लेबाजी के सबसे शानदार प्रदर्शन में से एक माना जाता है- न सिर्फ पाकिस्तान क्रिकेट में, छक्के मारने के इतिहास में भी। क्रिकेट में रिकॉर्ड तो टूटने के लिए ही बनते हैं लेकिन कुछ रिकॉर्ड अपने पीछे ऐसी कहानी छोड़ जाते हैं, जो उस रिकॉर्ड से कहीं ज़्यादा यादगार होती है।
रावलपिंडी में 'प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1' के दौरान, एमआईटी सॉल्यूशंस की तरफ से खेलते हुए मोहम्मद फारूक ने खान रिसर्च लैबोरेटरीज के विरुद्ध 99 गेंद में 163 रन बनाए 14 छक्के के साथ। इसके साथ ही, 59 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। पाकिस्तान के फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के का पिछला रिकॉर्ड माजिद खान के नाम था- 1967 में स्वांसी में ग्लैमर्गन के विरुद्ध एक असाधारण पारी खेलते हुए 13 छक्के जड़े थे।
फारूक की उपलब्धि वाकई कमाल की है: सिर्फ 67 गेंद में शतक और कुल 11 चौके और 14 छक्के लगाए। उनके इस रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन ने क्रिकेट इतिहासकारों को उस पुराने दौर की याद दिला दी, जब माजिद खान ने सेंट हेलेन्स ग्राउंड पर अपनी शानदार बल्लेबाज़ी से सभी को हैरान कर दिया था।
यह 8 अगस्त, 1967 की बात है। पाकिस्तान टीम इंग्लैंड टूर पर थी। स्वांसी में ग्लैमर्गन के विरुद्ध 3 दिन के मैच का ये आखिरी दिन था। पहले दो दिन बड़ा धीमा खेल हुआ था और किसी स्पष्ट नतीजे की उम्मीद कम ही थी, बशर्ते एकदम खेल में तेजी न आ जाए। माजिद खान ने वही किया।
जब माजिद बल्लेबाजी के लिए आए तो पाकिस्तान दूसरी पारी में 102-2 के स्कोर पर था। इसके बाद जो हुआ, वह 89 मिनट तक चला यानि कि एक जबरदस्त और यादगार अटैक। लंच तक, माजिद 147* पर थे: 39 मिनट में 50 और सिर्फ 61 मिनट में अपनी सेंचुरी पूरी कर ली थी। क्रीज पर बिताए गए महज 89 मिनट में 147 रन बनाए, जिसमें 13 छक्के और 10 चौके थे।
तब भी, ये गिनती भी पूरी तरह से यह नहीं बतातीं कि स्वांसी में असल में क्या हुआ था। 13 छक्कों में से 5 तो ग्लैमर्गन के ऑफ-स्पिनर रोजर डेविस के एक ही ओवर में जड़ दिए थे। वे इतनी आसानी से गेंद बाउंड्री के पार हिट कर रहे थे मानो ग्राउंड उनके शानदार शॉट्स का प्लेटफार्म हो- ऐसे शॉट्स जो तब कोई लगाता ही नहीं था। कहते हैं कि उनके एक शॉट से गेंद रग्बी स्टैंड के सबसे ऊपरी हिस्से पर गिरी थी जबकि बाकी शॉट्स में गेंद 'मेंबर्स एनक्लोजर' के काफी अंदर गिरी।
ये कोई अंधाधुंध हिटिंग नहीं थी। माजिद बस यूं ही बैट नहीं घुमा रहे थे, बल्कि गैप ढूंढ, बेहतरीन टाइमिंग व ताकत के साथ गेंद को बाउंड्री के पार भेज रहे थे। उनकी बल्लेबाजी में एक ऐसा दबदबा और नजाकत थी, जिसने इस अटैकिंग क्रिकेट को और भी शानदार बना दिया।
गिनती खुद अपनी कहानी बयान कर देती हैं। लंच तक पाकिस्तान ने जो 324-3 बनाए, उसमें से 147 रन माजिद के थे। सईद अहमद के साथ तेजी से 215 रन की पार्टनरशिप की और सईद 72* पर थे। उनके 13 छक्के तब इंग्लैंड में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड थे।
इससे भी खास बात ये कि इस पारी ने माजिद का करियर ही बदल दिया। ग्लेमोर्गन काउंटी क्रिकेट क्लब इस बल्लेबाजी से इतना प्रभावित हुआ कि इस युवा पाकिस्तानी बल्लेबाज को एक विदेशी खिलाड़ी के तौर पर अपनी टीम में शामिल होने का ऑफर दे दिया। माजिद 1968 सीजन से उनके लिए खेले और ग्लैमर्गन के साथ 9 सीजन खेले। इस दौरान वे काउंटी के इतिहास के सबसे मशहूर विदेशी खिलाड़ियों में से एक बन गए।
इसलिए, स्वांसी में खेली ये पारी, महज 147 रन की एक असाधारण पारी से कहीं बढ़कर थी। असल में, इसी पारी के जरिए माजिद ने वेल्श क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद ग्लैमर्गन में उनके करियर ने उनकी इस पहचान को और भी मजबूत कर दिया। 1969 में टीम ने काउंटी चैंपियनशिप जीती और बाद में वे 4 सीजन तक ग्लैमर्गन के कप्तान भी रहे। वेल्श क्रिकेट में एक बेहद लोकप्रिय हस्ती बन गए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
1969 में वूस्टरशायर के विरुद्ध मुश्किल परिस्थितियों में जो 156 रन का स्कोर बनाया उसे अक्सर काउंटी के लिए उनकी सबसे बेहतरीन पारी में से एक मानते हैं। तब भी स्वांसी में अगस्त की उस दोपहर ने पहली बार ग्लेमोर्गन के सपोर्टर के बीच, माजिद को जो पहचान दी, वह सबसे अलग थी। लगभग 6 दशक तक, जब भी पाकिस्तान में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 6 लगाने के रिकॉर्ड की बात होती थी, तो माजिद के नाम के साथ जुड़ा '13' का रिकॉर्ड चर्चा में आता था। अब फारूक 14 छक्कों के साथ उनसे एक कदम आगे निकल गए हैं।
तब भी फारूक के इस रिकॉर्ड से माजिद ने जो किया, वह कम नहीं हो जाता बल्कि, इस नए रिकॉर्ड ने तो मौजूदा क्रिकेट प्रेमियों को माजिद की उस पारी को याद करने का मौका दिया है, जो तब खेली थी जब छक्के लगाना, एक बिल्कुल अलग आर्ट था।
माजिद खान तब सिर्फ 20 साल के थे और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी जगह बना ही रहे थे। उनका शानदार काउंटी करियर शुरू होना अभी बाकी था। स्वांसी ने सब कुछ बदल दिया।
माजिद दक्षिण एशियाई क्रिकेट के सबसे बेहतरीन क्रिकेट परिवार में से एक से हैं। उनके पिता, जहांगीर खान, ब्रिटिश भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेले जबकि उनके चचेरे भाई इमरान खान और जावेद बर्की, दोनों पाकिस्तान के कप्तान रहे। उनके बेटे बाजिद खान भी बाद में पाकिस्तान के लिए खेले जिससे यह परिवार टेस्ट क्रिकेटरों की तीन पीढ़ियों वाला बन गया। ये बहरहाल एक अलग स्टोरी है।
यहां की स्टोरी स्वांसी की है, 8 अगस्त 1967 की, जब माजिद खान ने 13 छक्के ऐसे लगाए मानो यह उनके लिए बेहद आसान काम हो।