बीसीसीआई ने हाल ही में नई जूनियर सेलेक्शन कमेटी बनाई है। इसमें अभी 4 मेंबर हैं और पांचवें मेंबर को बाद में लेंगे। मजे की बात ये कि इन चारों सेलेक्टर के साथ कोई न कोई, मजेदार और कुछ अलग सी स्टोरी जुड़ी है। भारत के लिए खेल चुके तेज गेंदबाज परविंदर अवाना इस कमेटी के चेयरमैन हैं और बाकी तीन कृष्ण दास, राकेश पटेल और एन अर्जुन यादव हैं। अभी इनमें से दो, राकेश पटेल और अर्जुन यादव की बाद करते हैं क्योंकि ये दोनों, लगभग दो दशक पहले के भारतीय क्रिकेट के एक ही अनोखे किस्से से जुड़े हैं।
ये जून 2007 की बात है जब राहुल द्रविड़ की कप्तानी में टीम इंडिया आयरलैंड टूर पर गई थी। टीम में राकेश पटेल और अर्जुन यादव में से कोई भी नहीं था, तब भी इस टीम का जिक्र इन दोनों के बिना अधूरा रहेगा। वही राकेश पटेल और अर्जुन यादव के बीच कुछ अजीब सी परिस्थितियों में जुड़ा कनेक्शन है।
उस आयरलैंड टूर में, भारत ने वहां दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध वनडे सीरीज भी खेली थी। ठीक उस सीरीज से पहले, अचानक ही भारतीय टीम वायरल बुखार की गिरफ्त में आ गई और टीम के कई खिलाड़ी इसकी चपेट में आ गए। मैनेजमेंट के सामने 11 फिट खिलाड़ियों के साथ टीम बनाने का भी संकट खड़ा हो गया था।
सबसे ज्यादा तकलीफ में थे तेज गेंदबाज एस श्रीसंत, अजीत अगरकर और आरपी सिंह जबकि महेंद्र सिंह धोनी और रमेश पोवार को भी तेज बुखार था। कई खिलाड़ी सिविल सर्विस ग्राउंड पर टीम के आखिरी ट्रेनिंग सेशन में भी हिस्सा नहीं ले पाए। खिलाड़ियों की इसी कमी को देखते हुए, टीम मैनेजमेंट के सामने टूर टीम से बाहर से, इमरजेंसी में कुछ खिलाड़ियों को बुलाने के अतिरिक्त और कोई रास्ता नहीं था।
उन दिनों, बड़ौदा के तेज गेंदबाज राकेश पटेल, इंग्लैंड में लिवरपूल में 'सेंट हेलेंस' के लिए लीग क्रिकेट खेल रहे थे। चूंकि इंग्लैंड में थे, इसलिए आसानी से टीम में शामिल हो सकते थे। ऐसे में, बीसीसीआई ने उन्हें SOS कॉल भेजा और आयरलैंड में टीम इंडिया में शामिल होने के लिए बुला लिया।
ऐसे ही, अर्जुन यादव तो आयरिश लीग में ही 'एग्लिंटन' के लिए खेल रहे थे। उन्हें भी SOS कॉल पर बुला लिया। इस तरह हैदराबाद के इस 25 साल के ऑलराउंडर की भी, इमरजेंसी कवर के तौर पर टीम इंडिया में एंट्री हो गई। हालत ये थी कि बीसीसीआई ने भारत से भी रनदेब बोस और इशांत शर्मा को आयरलैंड रवाना होने के लिए कहा पर उनके जाने का इंतजाम करने में थोड़ा वक्त लग सकता था।
इस तरह राकेश पटेल और अर्जुन यादव, टूर टीम में नहीं थे पर अब दोनों ही एक बहुत बड़े और खास मौके के बड़ा करीब थे। लगभग 19 साल बाद, ये दोनों फिर से एक साथ हैं - इस बार बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेंटी में साथी के तौर पर।
खास तौर पर राकेश पटेल की बात करें तो वे तो 2002-03 में न्यूजीलैंड गई टीम इंडिया में थे लेकिन इंटरनेशनल डेब्यू का मौका नहीं मिला। अब 2007 में मिले इस अचानक बुलावे ने उन्हें एक बार फिर से भारतीय ड्रेसिंग रूम में तो पहुंचा दिया था और जो हालात थे, उसमें लगभग तय था कि वे डेब्यू करेंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
तब भी, किसी भी मैच में न तो राकेश पटेल और न ही अर्जुन यादव को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली। टीम के खिलाड़ी, मैचों से पहले धीरे-धीरे ठीक होने लगे थे। भले ही वे पूरी तरह फिट नहीं थे पर भारत ने अपनी पसंद की टीम ही बनाई। फिर भी, राकेश पटेल और अर्जुन यादव का इस तरह अचानक टीम में शामिल होना, उनके क्रिकेट सफर का एक दिलचस्प किस्सा बन गया। इनमें से कोई भी भारत के लिए कभी इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल पाया।
भारत के लिए डेब्यू न कर पाने की निराशा में राकेश पटेल 'इंडियन क्रिकेट लीग' (ICL) से जुड़ गए। पहले 'मुंबई चैम्प्स' और फिर 'अहमदाबाद रॉकेट्स' के लिए खेले। बाद में, जब बीसीसीआई ने माफी मांगने वाला ऑफर (amnesty offer) दिया तो वे भी लौटने वालों में से एक थे। 2009 में लीग छोड़ दी और वापस बीसीसीआई से जुड़ गए और आज, बीसीसीआई की 'जूनियर मेन्स सेलेक्शन कमेटी' के मेंबर हैं।
अर्जुन यादव के जिक्र का एक और दिलचस्प पहलू है: भारतीय क्रिकेट से उनके परिवार का कनेक्शन। वह भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर शिव लाल यादव के बेटे हैं। शिव लाल 35 टेस्ट और 7 वनडे खेले थे। वे 1970 और 1980 के दशक में भारतीय क्रिकेट का एक खास हिस्सा थे और बाद में क्रिकेट एडमिनिस्ट्रेशन में आ गए।
वे बीसीसीआई के सीनियर सेलेक्टर रहे और बोर्ड के वाइस प्रेजिडेंट भी बने। 2014 में, तो एक समय वे बीसीसीआई के प्रेजिडेंट भी बने। एक दिलचस्प कनेक्शन ये है कि पिता और पुत्र दोनों, बीसीसीआई की नेशनल सेलेक्शन कमेटी में रहे, भले ही अलग-अलग कमेटी में।
इस तरह अर्जुन यादव उस परिवार से हैं जिसका भारतीय क्रिकेट से गहरा नाता रहा है- चाहे वह ग्राउंड पर हो या फिर एडमिनिस्ट्रेशन में। अर्जुन खुद हैदराबाद और इंडिया ए के लिए खेले और अपना खेल करियर बनाया। वह 2000 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली उस भारतीय टीम का भी हिस्सा थे जिसमें युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ जैसे भविष्य के स्टार खिलाड़ी खेले। तब भी, उस टूर्नामेंट में वे एक भी मैच नहीं खेले थे। वह भी हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन से काफी जुड़े रहे। एक बार तो उन्हें हैदराबाद क्रिकेट टीम का कोच भी बना दिया था लेकिन बाद में टीम चुनने के एक विवाद और 'कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट' के आरोप के चलते उन्हें हटा दिया था।
इस तरह भले ही राकेश पटेल और अर्जुन यादव, दोनों का सफर अलग-अलग रहा है, लेकिन दोनों ही भारतीय क्रिकेट के घरेलू और विकास के दौर से गहराई से जुड़े रहे हैं। राकेश पटेल और अर्जुन यादव के लिए, यह नई जिम्मेदारी इस बात की याद दिलाती है कि क्रिकेट करियर, कोई भी हैरान करने वाला मोड़ ले सकता है। आयरलैंड में खिलाड़ियों की कमी से जूझ रही भारतीय टीम के साथ जुड़ने के लिए मिले एक 'इमरजेंसी कॉल' से शुरू हुआ यह सफर, अब उनके क्रिकेट करियर का एक और चेप्टर बन गया है। इस बार उन पर भारत की अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को खोजने, निखारने और आगे बढ़ने का मौका देने की जिम्मेदारी है।