अहमदाबाद में रविवार को होने वाली 10वीं अदाणी अहमदाबाद मैराथन (एएएम) के लिए तैयार है, जिसमें 32,000 से अधिक धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। इस साल की मैराथन में चार कैटेगरी होंगी, जिनमें फुल मैराथन, हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़ शामिल होंगी।

इस बार मैराथन को 'वर्ल्ड एथलेटिक्स ग्लोबल कैलेंडर' में शामिल किया गया है, जिससे इसमें किए गए प्रदर्शन को 'वर्ल्ड एथलेटिक्स रैंकिंग' में जगह मिल सकेगी। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन की तरफ से आयोजित यह खास संस्करण, 'रन फॉर आवर सोल्जर्स' थीम के तहत पूरे देश के धावकों को एक साथ लाएगा। यह थीम भारत के सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को सम्मान देने के लिए है।

शुक्रवार को एक प्रेस ब्रीफिंग में आयोजकों, अहमदाबाद सिटी पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने रेस के दिन की तैयारियों के बारे में बताया। इसमें सुरक्षा, रूट मैनेजमेंट, ट्रैफिक डायवर्जन और मेडिकल सपोर्ट जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

इस ब्रीफिंग में अहमदाबाद के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) चिराग पटेल, अहमदाबाद सिटी के जोन 1 के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) डॉ. हर्षद पटेल, मेडिकल ऑफिसर डॉ. लक्ष्मी सुंदर, रेस डायरेक्टर डेविड, इवेंट डायरेक्टर इंगित आनंद, मैराथन रूट क्यूरेटर डॉ. राहुल शर्मा और अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के चीफ बिजनेस ऑफिसर संजय अदेसारा मौजूद रहे।

अहमदाबाद पुलिस सुरक्षा और भीड़ को संभालने के लिए पूरे रूट और अहम जगहों पर 500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात करेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की आवाजाही आसान बनाने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और पब्लिक एडवाइजरी की योजना बनाई है। इसके अलावा, पूरे रूट पर रणनीतिक जगहों पर मेडिकल टीमें, इमरजेंसी स्टाफ और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी।

मैराथन के आयोजकों ने अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के सहयोग से धावकों के लिए अहमदाबाद म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एएमटीएस) के जरिए विशेष ट्रांसपोर्ट सुविधा का इंतजाम किया है। इसके तहत 6 रूटों पर 12 विशेष एसी बसें चलाई जाएंगी, जिनमें से हर रूट पर 2 बसें तैनात होंगी। 29 नवंबर को सुबह 1:00 बजे से सुबह 6:00 बजे के बीच सेवाएं चलेंगी। ये सेवाएं अहमदाबाद के प्रमुख इलाकों को कवर करेंगी, जिनमें शेला, साउथ बोपल, शिलाज, शांतिग्राम, चांदखेड़ा, वडाज, थलतेज, नारनपुरा, अंबावाड़ी और पालड़ी जैसे कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं।

अहमदाबाद के पुलिस उपायुक्त (यातायात) चिराग पटेल ने कहा, "दौड़ने वालों, दर्शकों और नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हमने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए इंतजाम किए हैं। हमारी टीमें आयोजकों के साथ मिलकर काम करेंगी ताकि यह इवेंट सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके। हम 'अदाणी अहमदाबाद मैराथन' के 10वें संस्करण के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"

मेडिकल ऑफिसर डॉ. लक्ष्मी सुंदर ने कहा, "मैराथन में हिस्सा लेने वाले धावकों में बहुत उत्साह होता है लेकिन इतने बड़े इवेंट में मेडिकल पहलू भी बहुत महत्वपूर्ण है। पूरे रूट पर अहम जगहों पर प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ, मेडिकल बूथ और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। हमारी टीमें पूरे इवेंट के दौरान स्टैंडबाय पर रहेंगी ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद दी जा सके और आपातकालीन स्थितियों को संभाला जा सके।"

'अदाणी अहमदाबाद मैराथन' के रेस डायरेक्टर डेविड ने कहा, "10वें संस्करण तक पहुंचना एक अहम पड़ाव है। हमने रेस के संचालन, कोर्स मैनेजमेंट और प्रतिभागियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया है। 'वर्ल्ड एथलेटिक्स ग्लोबल कैलेंडर' में शामिल होना हमारी इस प्रगति की एक बड़ी पहचान है, जो हमें अपने स्टैंडर्ड को और ऊंचा करने के लिए प्रेरित करती है।"

'अदाणी स्पोर्ट्सलाइन' के चीफ बिजनेस ऑफिसर संजय अदेसारा ने कहा, "10 संस्करण पूरे करना हमारे लिए गर्व की बात है। इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य रन फॉर आवर सोल्जर्स है, जो धावकों को हमारे सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान का सम्मान करने का मौका देता है। हम पुलिस, नगर प्रशासन, मेडिकल टीमों, सशस्त्र बलों, स्वयंसेवकों और नागरिकों का उनके निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद करते हैं। हम एएमसी और एएमटीएस की मदद के लिए भी आभारी हैं। ये विशेष एसी बस सेवाएं प्रतिभागियों के लिए रेस के दिन के अनुभव को और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बेहतरीन कदम हैं।"

आयोजकों ने प्रतिभागियों और नागरिकों से आग्रह किया है कि वे रेस के दिन से पहले कार्यक्रम से जुड़े आधिकारिक अपडेट और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार