भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने गुरुवार को एक वर्चुअल प्रस्तुतीकरण के जरिए 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का विजन और प्रस्तावित रोडमैप अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने रखा।

भारत की नेशनल ओलंपिक कमेटी (एनओसी) की ओर से भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा, सीईओ रघुराम अय्यर और आईओए एथलीट्स कमीशन की चेयरपर्सन पीवी सिंधु ने यह प्रस्तुति दी। इस दौरान भारत से आईओसी सदस्य नीता अंबानी भी मौजूद रहीं।

इस प्रस्तुतीकरण में अहमदाबाद की तैयारियों को शामिल किया गया, जिसमें खेल बुनियादी ढांचा और शहर, राज्य तथा केंद्र सरकार के अधिकारियों द्वारा आईओए को दिए जा रहे सहयोग के बारे में बताया गया। इसके अलावा इसमें बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने का भारत का अनुभव, प्रस्तावित स्थान विकास योजनाएं और इन खेलों के आयोजन के लिए दीर्घकालिक विजन को भी शामिल किया गया।

भारत के प्रस्तावित मेजबानी मॉडल के केंद्र में अहमदाबाद है, चूंकि यह शहर 2030 कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी करने जा रहा है, इसलिए विश्वस्तरीय खेल परिसरों और सहायक बुनियादी ढांचे का विकास, 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत की तैयारियों का एक अहम हिस्सा माना गया है।

इस प्रस्तुतीकरण के जरिए कमीशन को प्रोजेक्ट लीडर्स से सीधे यह जानने का मौका मिला कि खेलों को लेकर उनका क्या विजन है। इससे क्या विरासत और प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। उनका प्रोजेक्ट स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय विकास योजनाओं के साथ कैसे जुड़ा है। उनका वेन्यू मास्टरप्लान क्या है। उन्हें किस तरह का स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय समर्थन मिल रहा है और उनकी फंडिंग रणनीति क्या है।

इस बैठक में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और केंद्र तथा गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। यह प्रस्तुतीकरण लगभग आधे घंटे तक चला, जिसके बाद 'फ्यूचर होस्ट कमीशन' और भारत के प्रतिनिधियों के बीच एक विस्तृत चर्चा हुई। भारत उन सात देशों में शामिल है जो इस समय आईओसी के साथ निरंतर संवाद के चरण में हैं। उम्मीद है कि मार्च 2027 में यह प्रक्रिया रणनीतिक संवाद के चरण में पहुंच जाएगी।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार