फुटबॉल की वैश्विक नियामक संस्था, फीफा ने बताया है कि उसके सिस्टम पर साइबर हमला हुआ था। इस हमले में हैकरों ने फीफा के कर्मचारियों की पहचान का गलत इस्तेमाल करते हुए सिस्टम में प्रवेश किया और कुछ निजी व व्यावसायिक जानकारी तक पहुंच हासिल कर ली।

माना जा रहा है कि हमलावरों ने इमिग्रेशन रिकॉर्ड, वित्तीय जानकारी और निजी फाइलों सहित कई गोपनीय दस्तावेजों तक पहुंच बना ली है। हालांकि, चुराई गई जानकारी में 'फीफा फॉरवर्ड एंटरप्राइज' (एफएफई) से जुड़ी कोई सामग्री शामिल नहीं है। यह एक ऐसा व्यावसायिक प्रस्ताव है, जिसने इस साल की शुरुआत में काफी ध्यान आकर्षित किया था।

'द एथलेटिक' की रिपोर्ट के अनुसार, हैकरों ने फीफा कर्मचारियों का रूप धरकर सिस्टम में प्रवेश किया और कई संवेदनशील दस्तावेज चुरा लिए।

'हैंडसम बॉय हैकिंग क्लब' नामक हैकिंग ग्रुप ने इसकी जिम्मेदारी ली है। बताया जा रहा है कि इस समूह ने 19 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर फीफा से जुड़ी फाइलों का एक स्क्रीनशॉट साझा किया था।

फीफा ने एक बयान जारी करते हुए सुरक्षा में सेंध लगने की बात स्वीकार की और कहा कि वह मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

नियामक संस्था ने कहा, "फीफा पुष्टि करता है कि वह एक आपराधिक साइबर हमले का शिकार हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप कुछ निजी और व्यावसायिक जानकारी तक अनधिकृत पहुंच बन गई है। फीफा कानून प्रवर्तन एजेंसियों सहित संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। फीफा जानकारी, विशेष रूप से निजी डेटा को अवैध रूप से हासिल करने और उसे प्रकाशित करने की कड़ी निंदा करता है। इस तरह की हरकतें निजता का गंभीर और अस्वीकार्य उल्लंघन हैं, और इससे संबंधित व्यक्तियों के लिए गंभीर परिणाम हो सकते हैं।"

यह साइबर हमला फुटबॉल संगठनों के बीच बढ़ती सुरक्षा चिंताओं को उजागर करता है। फीफा इस तरह की घटना का सामना करने वाला खेल जगत का नवीनतम संगठन बन गया है।

इस महीने की शुरुआत में, स्पेनिश फुटबॉल लीग 'ला लीगा' भी एक साइबर हमले की चपेट में आ गई थी। बताया गया है कि उनकी सुरक्षा टीमों ने सेंधमारी के स्रोत का पता लगा लिया और हमलावर को और अधिक जानकारी हासिल करने से रोक दिया। स्पेनिश पुलिस 'ला लीगा' से जुड़ी इस घटना की जांच कर रही है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार