इंडियन विमेंस लीग (आईडब्ल्यूएल) 2026/27 में सोमवार को मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी ने किकस्टार्ट एफसी कर्नाटक को 1-0 से मात दी। कल्याणी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में युगांडा की फॉरवर्ड रेस्टी नान्जिरी (2') ने इस कड़े मुकाबले में निर्णायक गोल किया। मैच के दौरान दोनों ही टीमों को गोल करने के कई मौके मिले।

ईस्ट बंगाल ने मैच की शुरुआत में ही शानदार खेल दिखाते हुए दूसरे मिनट में गोल कर बढ़त बना ली। फजिला इक्वापुट ने बाईं ओर से बेहतरीन दौड़ लगाते हुए गेंद को अपनी साथी खिलाड़ी रेस्टी नान्जिरी तक पहुंचाया, जिन्होंने कोई गलती नहीं की और अपनी टीम को आगे कर दिया।

जवाब में, किकस्टार्ट एफसी ने लगातार दबाव बनाया और गोल करने के कुछ मौके भी बनाए। 15वें मिनट में, होलाली अतिवोर ने किरण पिसदा को एक बेहतरीन 'थ्रू बॉल' दी, लेकिन किरण गोल करने में नाकाम रहीं। दूसरी तरफ, 21वें मिनट में इक्वापुट के पास ईस्ट बंगाल एफसी की बढ़त को दोगुना करने का मौका था, लेकिन मैबम लिंथोइंगाम्बी देवी ने उनके प्रयास को विफल कर दिया।

हाफ टाइम के ठीक पहले किकस्टार्ट एफसी के पास बराबरी करने का सबसे अच्छा मौका था, जब अतिवोर गोलकीपर के बिल्कुल सामने थीं। लेकिन तभी एबेना अनोमा ओपोकू ने एक शानदार टैकल करके ईस्ट बंगाल की बढ़त को बचाए रखा और टीमें इसी स्कोर के साथ हाफ टाइम में गईं।

दूसरे हाफ की शुरुआत में दो बार की चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी का गेंद पर ज्यादा कब्जा रहा। उन्होंने खेल की गति को नियंत्रित किया और लगातार हमले करते हुए दूसरा गोल करने की कोशिश की। किकस्टार्ट एफसी ने भी जवाबी हमलों (काउंटर अटैक) में अच्छा खेल दिखाया और कई बार मौजूदा चैंपियन को चुनौती दी।

हालांकि, 'फाइनल थर्ड' (गोल के पास वाले हिस्से) में सटीक खेल न दिखा पाने के कारण वे बराबरी का गोल करने में असफल रहे। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा, मौजूदा चैंपियन ने अपना दबदबा और बढ़ा दिया। खेल खत्म होने में दस मिनट से भी कम समय बचा था, तब गुगुलोथ सौम्या के पास मैच को पूरी तरह अपने पक्ष में करने का मौका था, लेकिन गेंद गोलपोस्ट से टकरा गई। खेल के अंतिम क्षणों में कई मौके चूकने के बावजूद, ईस्ट बंगाल एफसी ने अपनी एक गोल की बढ़त बनाए रखी और तीनों अंक हासिल कर लिए।

आईडब्ल्यूएल 2026/27 के मुकाबले मंगलवार को भी जारी रहेंगे, जिसमें कल्याणी स्टेडियम में गोकुलम केरल एफसी का सामना बीबीएफएस गढ़वाल यूनाइटेड एफसी से होगा।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार