उत्तराखंड के दिग्विजय सिंह चौहान ने बुधवार को डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में 'नेशनल सीनियर मास्टर मेंस व्यक्तिगत ट्रैप' का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने गुजरात के रोहित पंचाल को एक अंक से पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

दिग्विजय ने फाइनल में 24 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि पंचाल ने 23 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया। उत्तर प्रदेश के इकबाल नबी 19 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीता। इससे पहले, दिग्विजय 90 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई हुए थे। पंजाब के मनशेर सिंह 109 के स्कोर के साथ क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष पर रहे थे, लेकिन वह फाइनल में अपना फॉर्म बरकरार नहीं रख सके और छठे स्थान पर रहे।

'नेशनल मास्टर विमेंस व्यक्तिगत ट्रैप' इवेंट में गुजरात की बीना आनंद पटेल 88 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहीं और खिताब जीता। उत्तराखंड की रितु सिंह 86 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि गुजरात की ही भारती सिंह 82 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इसके बाद महाराष्ट्र की सोनल सांगवार (74), उत्तराखंड की राजश्री रावत (69), गुजरात की आयुषीबेन रविदर्शनभाई व्यास (64) और तमिलनाडु की पवित्रा किशोर मदुपल्ली (58) रहीं। 'ट्रैप सीटेड' कैटेगरी में राजस्थान के सुशील कुमार मीणा 68 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहे। वह हरियाणा के दीपक सैनी (67) से एक अंक आगे रहे। इस इवेंट में केवल दो प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

बिहार के अमरजीत गुप्ता ने 92 के स्कोर के साथ 'ट्रैप स्टैंडिंग' पुरुष वर्ग में जीत हासिल की। ​​पंजाब के राजवीर सिंह सेखों 91 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि उत्तर प्रदेश के नदीम हुसैन 79 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। 'ट्रैप स्टैंडिंग' महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की वर्षा चौधरी अकेली प्रतिभागी थीं। उन्होंने 84 का स्कोर दर्ज किया और शीर्ष स्थान हासिल किया।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार