हॉकी इंडिया ने बुधवार को जापान के आइची-नागोया में होने वाले 20वें एशियाई खेलों के लिए 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। स्टार डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन टीम की कप्तानी करेंगे।

Advertisement

भारत के सबसे अनुभवी हॉकी खिलाड़ियों में शामिल और देश के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले मिडफील्डर मनप्रीत सिंह को टीम में अनुभव और संतुलन देने के लिए शामिल किया गया है। टीम में अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का मिश्रण है। भारतीय टीम की नजर 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में जीते गए स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव करने पर होगी।

गोलकीपिंग की जिम्मेदारी मोहित एचएस और सूरज करकेरा संभालेंगे। डिफेंस यूनिट में जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं।भारत की मिडफील्ड में राजिंदर सिंह, राजकुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलाकांता शर्मा और विवेक सागर प्रसाद होंगे, जबकि फॉरवर्ड लाइन में दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक शामिल हैं।

भारत को पूल ए में मेजबान जापान, कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है। टूर्नामेंट का विजेता लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 खेलों के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा। टीम की घोषणा करते हुए मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टूर्नामेंट और टीम के लक्ष्य के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "एशियाई खेलों के लिए चुनी गई भारतीय टीम बहुत अनुभवी है। हम जापान में खेलने की चुनौती के लिए तैयार हैं, जहां विजेता लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाई करेगा और एक टीम और एक देश के तौर पर यही हमारा मुख्य लक्ष्य है।"

कप्तान हरमनप्रीत ने टीम की मजबूती पर भरोसा जताया और अपने साथियों से अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए खुलकर खेलने को कहा। उन्होंने कहा, "चाहे युवा खिलाड़ी हों या सीनियर खिलाड़ी, मुझे सभी खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है कि वे मिले मौकों का सही इस्तेमाल करेंगे। मुख्य लक्ष्य दबाव न लेना, खेल का आनंद लेना और अपनी जिम्मेदारियों को समझना है।"

छह-छह टीमों के दो पूल में बंटी 12 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। सभी मैच काकामिगहारा के गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ करेगा। इसके बाद पूल ए के बाकी मैचों में उसका सामना श्रीलंका (22 सितंबर), कोरिया (24 सितंबर), मेजबान जापान (26 सितंबर) और बांग्लादेश (28 सितंबर) से होगा।

एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय टीम का स्क्वॉड:

गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा

डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच

गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा

Also Read: LIVE Cricket Score

फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार