भारतीय शटलर लक्ष्य सेन ने रविवार को जापान में कुमामोटो मास्टर्स का खिताब जीतकर इतिहास रचा। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने लगातार दो बीडब्ल्यएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है। लक्ष्य ने अपनी हालिया सफलता का श्रेय मुश्किल मैचों के दौरान खुद पर भरोसा बनाए रखने की अपनी क्षमता को दिया है।

पुरुष एकल फाइनल में लक्ष्य ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी की और जापान के कोकी वातानाबे को 13-21, 21-18, 21-14 से हराया। उन्होंने एक घंटे चार मिनट में यह जीत हासिल की। ​​इससे पहले, इस महीने की शुरुआत में उन्होंने जर्मनी में 'हाइलो ओपन' जीता था। लक्ष्य के करियर में ऐसा पहली बार हुआ है जब उन्होंने एक ही सीजन में दो वर्ल्ड टूर खिताब जीते हैं।

लगातार दो खिताब जीतने के कारणों पर बात करते हुए लक्ष्य ने कहा कि उनके आत्मविश्वास ने उन्हें उन मैचों में भी जीत दिलाने में मदद की, जहां उन्हें शुरुआत में पिछड़ने के बाद वापसी करनी पड़ी थी। फाइनल के बाद उन्होंने कहा, "मुश्किल मैचों के बावजूद मैंने अपना आत्मविश्वास बनाए रखा। कई मैचों में मेरी शुरुआत खराब रही और मैं पहला गेम हार गया था, लेकिन अच्छी बात यह रही कि मैंने खुद पर भरोसा रखा, खेलना जारी रखा और संघर्ष करता रहा।"

भारतीय खिलाड़ी के लिए कुमामोटो का यह खिताब और भी खास है, क्योंकि पिछले साल वह इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन इस बार उन्होंने एक कदम और आगे बढ़कर ट्रॉफी अपने नाम की। लक्ष्य ने कहा, "यहां खिताब जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। पिछले साल मैं सेमीफाइनल तक पहुंचा था, और मुझे खुशी है कि इस बार मैं उससे बेहतर प्रदर्शन कर सका। यह मेरा लगातार दूसरा खिताब है, और मैं आगे भी इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहूंगा।"

फाइनल में उनके इस संकल्प की कड़ी परीक्षा हुई। पहले गेम में वातानाबे का दबदबा रहा, लेकिन लक्ष्य ने अगले दो गेमों में अपनी रणनीति बदली। उन्होंने अपने शॉट्स की लंबाई को नियंत्रित करने और रैलियों में पहल करने पर ध्यान दिया। लक्ष्य ने कहा, “कोर्ट के दोनों तरफ खेलना थोड़ा मुश्किल था। स्टेडियम में हवा चल रही थी, इसलिए मैंने दूसरे सेट में अपना आत्मविश्वास बनाए रखा और रैलियां खेलीं। पहले सेट में मैंने कुछ आसान लिफ्ट दे दिए थे, जिसकी वजह से वह शटल को स्मैश करके मेरे पार भेजने में कामयाब रहा। मगर दूसरे और तीसरे सेट में मैंने शटल को अच्छी लेंथ पर रखने और थोड़ा और आक्रामक खेलने की कोशिश की।"

इस जीत ने हांगझोऊ में होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स 2026 के लिए क्वालीफाई करने की लक्ष्य की दावेदारी को और मजबूत कर दिया है। कुमामोटो में मिली इस जीत से उन्हें 9,200 रैंकिंग प्वाइंट्स मिले हैं, जिससे उनके सीजन के आखिरी दौर के अभियान को काफी बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा, "बिल्कुल, यह एक ऐसा लक्ष्य है जिसके लिए हम पूरी कोशिश करेंगे। यह टूर्नामेंट निश्चित रूप से मुझे इसके लिए अच्छे प्वाइंट्स हासिल करने में मदद करेगा। अभी मेरा एक और टूर्नामेंट है, हांगकांग ओपन, इसलिए मेरा पूरा ध्यान उसी पर है।"

छह बार बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतने वाले लक्ष्य अब अपना ध्यान हांगकांग ओपन की ओर लगाएंगे। उनके पास अपने मौजूदा फॉर्म को बरकरार रखने और क्वालीफाई करने की संभावनाओं को और मजबूत करने का एक अच्छा मौका है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार