हॉकी इंडिया ने 'विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026' के लिए दर्शकों को बड़ी सौगात देते हुए टूर्नामेंट में 'फ्री एंट्री' की घोषणा की है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 19 से 28 नवंबर तक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी।

इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के नौवें संस्करण में कुल 20 मैच खेले जाएंगे, जिसमें छह देश खिताब के लिए मुकाबला करेंगे। मेजबान भारत के अलावा, चीन, जापान, मलेशिया, साउथ कोरिया और थाईलैंड टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश करेंगे। लीग चरण के मैच 19 से 25 नवंबर तक होंगे। इसके बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल और 28 नवंबर को मेडल मैच खेले जाएंगे।

फैंस 'टिकटजेनी' वेबसाइट या इसके मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए फ्री एंट्री पास प्राप्त कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन करने के बाद, दर्शक अपनी पसंद के मुकाबलों को चुन सकते हैं और एक डिजिटल एंट्री पास पा सकते हैं, जिसमें एक क्यूआर कोड होगा। स्टेडियम में प्रवेश के समय इस क्यूआर कोड को स्कैन किया जाएगा।

हॉकी इंडिया ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिक दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के करीब लाना है, साथ ही इस खेल में लोगों की भागीदारी और रुचि को बढ़ाना है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि इस फैसले से परिवारों, युवा खिलाड़ियों और हॉकी प्रेमियों को उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता देखने का मौका मिलेगा।

टिर्की ने कहा, "फैंस के लिए एंट्री फ्री करना भोपाल के लोगों को अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के करीब लाने का एक शानदार तरीका है। हम चाहते हैं कि मध्य प्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 एक ऐसा आयोजन बने, जहां परिवार, युवा खिलाड़ी और हॉकी प्रेमी उच्च स्तरीय प्रतियोगिता के रोमांच का अनुभव कर सकें।"

हॉकी इंडिया के महासचिव और एशियन हॉकी फेडरेशन के उपाध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने भी इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम में दर्शकों का भरपूर समर्थन देखने को मिलेगा।

उन्होंने कहा, "हमें खुशी है कि हम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों को प्रशंसकों के लिए बिना किसी एंट्री फीस के उपलब्ध करा रहे हैं। भोपाल के पास एशिया की बेहतरीन महिला हॉकी खिलाड़ियों को खेलते देखने का मौका है। हमें उम्मीद है कि स्टेडियम उत्साही समर्थकों से भरा होगा।"

भारत अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेगा, जिसके बाद 21 नवंबर को साउथ कोरिया और 22 नवंबर को थाईलैंड से मुकाबला होगा। इसके बाद, मेजबान टीम 24 नवंबर को चीन का सामना करेगी और 25 नवंबर को जापान के खिलाफ मैच के साथ अपने लीग-चरण के अभियान का समापन करेगी।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार