बड़ी संख्या में पिछले चैंपियंस और लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) के मौजूदा विजेता हीरो महिला इंडियन ओपन 2022 में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। यह इवेंट 2019 के बाद पहली बार एक्शन में लौटेगा। इस साल इस इवेंट के लिए 400,000 अमेरिकी डालर की पुरस्कार राशि रखी गई है। यह इवेंट 20-23 अक्टूबर, 2022 के बीच गुरुग्राम के अनूठे डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में आयोजित किया जाएगा। 

कोरोना वायरस महामारी के कारण 2020 और 2021 में यह इवेंट आयोजित नहीं किया जा सका था लेकिन इसकी धमाकेदार वापसी हो रही है क्योंकि इस साल कई बड़े सितारों ने इसमें भाग लेने की पुष्टि कर दी है।

पिछले संस्करण के पांच चैंपियन पहले ही अपनी एंट्रीज भेज चुके हैं और इसके अलावा कई अन्य के आने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, 2022 और 2021 सीजन में कई विजेताओं ने इस इवेंट में हिस्सा लेना सुनिश्चित किया है। कुल मिलाकर इस इवेंट में दुनिया भर के 20 देशों की 114 गोल्फर भाग लेंगी।

इसमें हिस्सा लेने वाली खिलाड़ियों में भारत की पहली और एकमात्र हीरो महिला इंडियन ओपन विजेता अदिति अशोक भी शामिल हैं, जो अब एलपीजीए में प्रोमोट हो चुकी हैं। अदिति ने साल 2021 में 2020 टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जहां वह एक स्ट्रोक के कारण पदक से चूक गईं थीं। वह अभी भी हीरो महिला इंडियन ओपन को खास मानती हैं, क्योंकि यह एक ऐसा आयोजन है जो उसने अपने शुरूआती दिनों से खेला है।

इस साल इस इवेंट के लिए 400,000 डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई है। साथ ही यह इवेंट कई खिलाड़ियों को 2023 के लिए अपनी स्थिति सुरक्षित करने या अगले सीजन से पहले अपनी रैंकिंग में सुधार करने का अवसर प्रदान करता है।

अदिति के नेतृत्व में सभी शीर्ष भारतीयों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। लाइन-अप में त्वेसा मलिक शामिल हैं, जो पिछले सीजन में लेडीज यूरोपियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में 19वें स्थान पर थीं। 2019 साउथ अफ्रीकन ओपन चैंपियन दीक्षा डागर और 2022 डीफलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अमनदीप द्राल और वाणी कपूर भी यहां शिरकत करती नजर आएंगी। इस इवेंट में इन सबके अलावा रिद्धिमा दिलावरी, गौरिका बिश्नोई और नेहा त्रिपाठी भी हिस्सा लेती नजर आएंगी।

जिन पूर्व चैंपियनों ने अपनी प्रविष्टियां भेजी हैं, उनमें 2019 की चैंपियन क्रिस्टीन वुल्फ भी शामिल हैं। साथ ही 2018 विजेता बैकी मोर्गन, 2017 विजेता केमिली शेवेलियर, 2016 की चैंपियन अदिति अशोक और 2011 की विजेता कैरोलिन हेडवाल का भी नाम इसमें शामिल है।

इवेंट 2022 सीजन के कई विजेताओं से भरा हुआ है, जिसमें इस सीजन की सबसे सफल सितारों में से एकलिन ग्रांट का नाम प्रमुख है, जिन्होंने लेडीज यूरोपियन टूर पर चार बार और दक्षिण अफ्रीका में सनशाइन टूर खिताब पर तीन बार कब्जा किया है।

2022 के अन्य विजेताओं में ऐनी चार्लोट मोरा (आलैंड 100 लेडीज ओपन 2022), टिया कोविस्टो (जबरा लेडीज ओपन), एना पेलेज (मैड्रिड लेडीज ओपन) और मेघन मैकलारेन (ऑस्ट्रेलियन लेडीज क्लासिक - बोनविले) शामिल हैं।

इंडियन ओपन गोल्फ, जो पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ रही है, में प्रणवी उर्स जैसे युवा सितारों का उदय हुआ है, जिन्होंने 12 घरेलू इवेंट्स में पांच बार जीत हासिल की है। इससे उभरने वाली अन्य खिलाड़ियों में हिताशी बख्शी, जाह्न्वी बख्शी, सेहर अटवाल और स्नेहा सिंह भी शामिल हैं, जो घरेलू फैंस को मंत्रमुग्ध करने की क्षमता रखती हैं।

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से सटे गुरुग्राम में स्थित डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब, जिसे अक्सर 'भारतीय महिला गोल्फ का घर' कहा जाता है, एक बार फिर इस इवेंट की मेजबानी को तैयार है। हाल ही में इस सप्ताह की शुरूआत में घरेलू डब्ल्यूजीएआई कार्यक्रम में यहां खेलने वाले गोल्फरों के अनुसार यह कोर्स शानदार स्वरूप में है और यह बात हीरो महिला इंडियन ओपन के लिए एक रोमांचक चुनौती साबित होगी।

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार