भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने विमेंस एशिया कप 2026 के नॉकआउट स्टेज में अपनी टीम से मोमेंटम (लय) बनाए रखने की अपील की है। हरमनप्रीत ने कहा कि अगले दो मैच बेहद अहम होंगे और खिलाड़ियों को उन योजनाओं पर डटे रहना होगा, जिसे लीग स्टेज में टीम को मदद मिली है।
हरमनप्रीत ने सोमवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में कहा, "अगले दो मैच हमारे लिए बहुत अहम हैं। एक बार में एक मैच पर ध्यान देना है। अगला मैच बहुत जरूरी है। उम्मीद है कि हम इस टूर्नामेंट में जैसा अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं, उसे जारी रखेंगे। मुझे लगता है कि अब मोमेंटम बहुत महत्वपूर्ण है। खुद पर भरोसा करना, अपनी योजनाओं पर विश्वास करना और उसी तरह खेलना जैसे हम लीग स्टेज के दौरान बैटिंग और बॉलिंग करते रहे हैं।"
भारत के अभियान में सभी विभागों का योगदान रहा है। हरमनप्रीत ने उन प्रदर्शनों का जिक्र किया है जिनसे टीम को निर्णायक दौर में जाने से पहले आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने खासतौर पर पहले मैच में शेफाली वर्मा के आक्रामक खेल और दूसरे मैच में स्मृति मंधाना की सेंचुरी का जिक्र किया, और टीम के गेंदबाजी अटैक की भी प्रशंसा की।