NZ-W vs SA-W 2nd ODI: अमेलिया केर (Amelia Kerr) की कैप्टेंसी में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम (New Zealand Women Cricket Team) ने बुधवार, 01 अप्रैल को वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 49.4 ओवर में 347 रनों का लक्ष्य हासिल करके 2 विकेट से शानदार जीत हासिल की। गौरतलब है कि इस मुकाबले में कीवी कैप्टन अमेलिया केर ने 139 गेंदों पर नाबाद 179 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली।
जी हां, ऐसा हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि ये मुकाबला वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में खेला गया था जहां मेजबान टीम न्यूजीलैंड ने ही टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने अपनी इनिंग के 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 346 रन स्कोर बोर्ड पर टांग दिए।
साउथ अफ्रीका के लिए एनेके बॉश ने सर्वाधिक रन बनाए और 90 गेंदों पर 12 चौके ठोककर 91 रन बनाए। उनके अलावा कैप्टन लौरा वोलवार्ड (74 गेंदों पर 69 रन) और क्लो ट्राईऑन (25 गेंदों पर नाबाद 52 रन) ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। बात करें अगर न्यूजीलैंड के गेंदबाज़ों की तो ब्रीअर्न इलिंग ने 10 ओवर में 60 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं कायली नाइट ने 2 विकेट और जेस केर ने 1 विकेट झटका।