England vs Sri Lanka 2026: अनकैप्ड तेज गेंदबाज हेनरी क्रोकॉम्बे (Henry Crocombe) को लगातार काउंटी चैंपियनशिप मैचों में हैट्रिक लेने के बाद श्रीलंका के खिलाफ इस महीने होने वाली घरेलू वनडे इंटरनेशनल सीरीज़ के लिए इंग्लैंड की टीम में शामिल किया गया है। 24 साल के हेनरी ने ससेक्स के लिए खेलते हुए पिछले हफ्ते समरसेट के खिलाफ और गुरुवार को एसेक्स के खिलाफ लगातार दो मैच में हैट्रिक ली। उन्होंने 8 दिन के अंदर दो बार हैट्रिक लेने का कारनामा किया।
क्रोकोम्बे के लिए यह सीजन बहुत शानदार रहा है। उन्हें जून में न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम में कुछ समय के लिए शामिल किया गया था, जब अनुशासनात्मक कारणों से पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स (जो अब रिटायर हो चुके हैं) और गस एटकिंसन को टीम से बाहर किया गया था।
उनके अलावा डर्बीशायर के अनकैप्ड बल्लेबाज एन्यूरिन डोनाल्ड को श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में मौका मिला है। 29 साल के डोनाल्ड ने इस सीज़न में T20 ब्लास्ट में डर्बीशायर के लिए 12 मैचों में 489 रन बनाए।