पंजाब किंग्स के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपने मस्तीभरे स्वभाव के लिए जाने जाते हैं और इस बार भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया है, जिसने फैंस का खूब मनोरंजन किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अर्शदीप अपने साथी खिलाड़ी शशांक सिंह को मजाकिया अंदाज़ में ट्रोल करते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, IPL 2026 के हालिया मुकाबलों में शशांक सिंह का फील्डिंग प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने कई आसान कैच छोड़ दिए और फील्डिंग में भी कुछ गलतियां कीं। खासतौर पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने तीन कैच ड्रॉप किए, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केएल राहुल का कैच छोड़ना टीम को भारी पड़ा। उस मैच में राहुल ने बाद में 150 से ज्यादा रन बना दिए।
इसी को लेकर अर्शदीप ने मौका मिलते ही अपने साथी को मजेदार अंदाज़ में छेड़ दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि शशांक सिंह एक पब्लिक प्लेस, जो कि एयरपोर्ट लाउंज जैसा लग रहा है, वहां बेंच पर आराम कर रहे होते हैं। तभी अर्शदीप एक दूसरे साथी के साथ मिलकर उनके पास पहुंचते हैं और उन्हें जगाने की कोशिश करते हैं।