टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत को जीत दिलाने के बाद भारतीय ओपनर संजू सैमसन पूरे देश की धड़कन बन चुके हैं। भारतीय टीम ने 196 रन के मुश्किल टारगेट का पीछा करते हुए पांच विकेट से जीत हासिल की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की, जहां उनका सामना 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा।
हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में एक समय, भारत 11वें ओवर के आसपास मुश्किल में था। हालांकि, सैमसन ने शानदार ढंग से पारी को संभाला और सिर्फ 50 गेंदों पर 97 रन बनाकर टीम को मैच में जीत दिला दी। उनकी पारी में 194 के स्ट्राइक रेट से 12 चौके और चार छक्के शामिल थे। मैच के बाद तो हर जगह संजू ही संजू छाए रहे और टीम बस में भी उनके साथी अक्षर पटेल उनसे मस्ती करते दिखे।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आय़ा है जिसमें देखा जा सकता है कि अक्षर संजू की टांग खींचते हुए नजर आ रहे हैं। अक्षर इस वीडियो में संजू सैमसन से पूछते हैं कि क्या उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के बाद राहत मिली है और वो कैसा महसूस कर रहे हैं। इतना ही नहीं, अक्षर ने संजू के मज़े लेते हुए ये भी पूछ लिया कि उनका डेब्यू कब हुआ था। अक्षर की ये बात सुनकर सैमसन भी मुस्कुरा पड़े।