BH-W vs MR-W: महिला बिग बैश लीग (WBBL) 2026 में बुधवार (25 नवंबर) को ब्रिस्बेन हीट और मेलबर्न रेनेगेड्स के बीच खेले गए मुकाबले में एक अजीबोगरीब वाकया देखने को मिला। वेस्टइंडीज की ऑलराउंडर डीएंड्रा डॉटिन (Deandra Dottin) विकेट गिरने के बाद तय समय के भीतर क्रीज पर नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में ब्रिस्बेन हीट की लेग स्पिनर सारा ग्लेन (Sarah Glenn) को नियमों के तहत सीधे स्टंप्स पर गेंद डालने का मौका मिला। ग्लेन ने इस मौके का फायदा उठाया और डॉटिन को बोल्ड कर दिया।
यह घटना मेलबर्न रेनेगेड्स की पारी के 15वें ओवर में हुई। ग्लेन ने ओवर की पहली गेंद में जॉर्जिया वेयरहैम को आउट किया था। इसके बाद छठे नंबर पर डॉटिन बल्लेबाजी के लिए आने वाली थीं, लेकिन वह विकेट गिरने के बाद निर्धारित 75 सेकंड के भीतर क्रीज पर नहीं पहुंच सकीं।
WBBL के खेल नियमों के मुताबिक, ऐसी स्थिति में बल्लेबाज को अपने आप टाइम्ड आउट नहीं दिया जाता। इसके बजाय गेंदबाज को बिना बल्लेबाज के गार्ड लिए स्टंप्स पर एक गेंद डालने का मौका मिलता है। ग्लेन ने इस मौके का फायदा उठाया और सीधे स्टंप्स पर गेंद मार दी। डॉटिन गेंद डलने तक पिच के बाहर ही खड़ी रहीं और स्टंप्स पर गेंद लगने के बाद उन्हें बिना खाता खोले बोल्ड होकर लौटना पड़ा।