SA vs BAN 2nd Test: साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पारी और 219 रन से शानदार जीत दर्ज कर दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर वियान मुल्डर (Wiaan Mulder) छाए रहे। उन्होंने पहले बल्ले से शतक जड़ा और फिर गेंदबाजी में कहर बरपाते हुए बांग्लादेश की दूसरी पारी में सात विकेट अपने नाम किए।
मुल्डर ने साउथ अफ्रीका की पहली पारी में 178 गेंदों पर 100 रन की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद जब वह गेंदबाजी करने उतरे तो बांग्लादेशी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं। उन्होंने दूसरी पारी में 11 ओवर गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 31 रन दिए और सात विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने अपना पांच विकेट हॉल भी बेहद खास अंदाज में पूरा किया।
मुल्डर ने बांग्लादेश की दूसरी पारी के 45वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर जैकर अली (Jaker Ali) और शोरिफुल इस्लाम (Shoriful Islam) को पवेलियन भेजा। ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने जैकर अली को अपना शिकार बनाया। मुल्डर ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद डाली, जो पिच पर पड़ने के बाद तेजी से अंदर आई। जैकर ने उसे डिफेंड करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले को छकाते हुए सीधे स्टंप्स से जा टकराई। वह तीन गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए।