न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन को एसएटी20 के 2027 संस्करण के लिए डरबन सुपर जायंट्स (डीएसजी) का हेड कोच नियुक्त किया गया है। यानी, विलियमसन अब डीएसजी में एक खिलाड़ी की भूमिका से हटकर कोचिंग की भूमिका में आ गए हैं।
विलियमसन ने साउथ अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर लांस क्लूजनर की जगह ली है, जो 2023 में लीग के पहले सीजन से ही टीम के कोच थे। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को एक बयान में कहा, "डर्बन सुपर जायंट्स (डीएसजी) को केन विलियमसन को अपना नया हेड कोच नियुक्त करने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। यह विश्व क्रिकेट के सबसे सम्मानित लीडर्स में से एक के सफर में एक रोमांचक नए अध्याय की शुरुआत है।"
फ्रेंचाइजी ने आगे कहा, "पहले मैदान पर डीएसजी का प्रतिनिधित्व कर चुके विलियमसन अब एक नई भूमिका में डर्बन लौट रहे हैं। वह अपने साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का बेहतरीन अनुभव, खेल की गहरी समझ और सर्वोच्च स्तर पर कप्तानी करने का शानदार रिकॉर्ड लेकर आए हैं।"