साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट मैच में एक पारी और 219 रनों से हराया। साउथ अफ्रीका की इस धमाकेदार जीत के हीरो वियान मुल्डर रहे, जिन्होंने शतकीय पारी खेलने के साथ-साथ मैच में कुल 8 विकेट अपने नाम किए।
वियान मुल्डर ने दूसरी पारी में जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 31 रन देकर 7 विकेट चटकाए। इसके साथ ही वह साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे बेस्ट स्पेल फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में केशव महाराज को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 32 रन देकर 7 विकेट निकाले थे।
मुल्डर ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 178 गेंदों में 100 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 12 चौके और 2 छक्के लगाए। वियान मुल्डर साउथ अफ्रीका की तरफ से एक ही टेस्ट मैच में शतक और 5 विकेट हॉल लेने वाले महज पांचवें खिलाड़ी हैं।