साउथ अफ्रीका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट मैच में एक पारी और 219 रनों से हराया। बांग्लादेश के बल्लेबाजों का प्रदर्शन दोनों ही पारियों में बेहद निराशाजनक रहा। पहली पारी में टीम महज 91 रनों पर ढेर हुई, तो दूसरी इनिंग में बांग्लादेश की पूरी टीम 184 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
साउथ अफ्रीका ने अपने घर में खेलते हुए बांग्लादेश के खिलाफ यह दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। अपनी सरजमीं पर खेलते हुए बांग्लादेश के खिलाफ सबसे बड़ी जीत साउथ अफ्रीका ने साल 2017 में दर्ज की थी, जब टीम ने बांग्लादेश को एक पारी और 254 रनों से रौंदा था।
साउथ अफ्रीका ने इस जीत के साथ ही बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में कभी भी ना हारने का रिकॉर्ड भी कायम रखा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 18 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 16 साउथ अफ्रीका ने जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।