ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने हाल ही में प्रकाशित अपनी किताब 'सब्र' में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2018 में केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच में हुए बॉल-टैंपरिंग विवाद का जिक्र किया है। ख्वाजा ने दावा किया है कि इस मामले की जानकारी सिर्फ तीन लोगों को ही नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। ख्वाजा के इस दावे के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत में चर्चा है और इस विषय पर मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों के अलग-अलग बयान आ रहे हैं।
बॉल-टैंपरिंग का मुख्य चेहरा रहे कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने अब इस बारे में नए खुलासे किए हैं। बैनक्रॉफ्ट का कहना है कि तब के ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करने की योजना से खुद को दूर रखना चाहते थे। उस मैच का हिस्सा रहे बैनक्रॉफ्ट ने यह भी आरोप लगाया है कि बातचीत में डेविड वॉर्नर और उनके अलावा ड्रेसिंग रूम के अन्य सदस्य भी शामिल थे।
द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में छपी 4,000 शब्दों की एक रिपोर्ट में बैनक्रॉफ्ट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान बॉल-टैंपरिंग की घटना से पहले की घटनाओं पर फिर से बात की। उन्होंने याद किया कि स्मिथ बातचीत में शामिल हुए और यह साफ कर दिया कि वह इस प्लान में शामिल नहीं होना चाहते।