बांग्लादेश के युवा और खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) को विश्वसनीयता से जुड़ी समस्याओं के कारण स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने इच्छा जताई कि देश की सबसे बड़ी टी20 लीग का आयोजन हर साल नियमित रूप से होना चाहिए।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) अध्यक्ष तमीम इकबाल ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि जब तक टूर्नामेंट से जुड़ी विश्वसनीयता की समस्याएं हल नहीं हो जातीं, तब तक बोर्ड बीपीएल शुरू नहीं करेगा। इस फैसले का फ्रेंचाइजी ने तो स्वागत किया, लेकिन कई क्रिकेटर्स ने इस फैसले को लेकर नाराजगी जाहिर की थी।
इसके बाद खिलाड़ियों को होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए घरेलू क्रिकेट में मैच फीस बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। इसी बीच, खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने कहा कि बीपीएल का आयोजन हर साल होना चाहिए, ताकि खिलाड़ियों और क्रिकेट को फायदा मिल सके। हालांकि, उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि लीग को पहले ही स्थगित करने का फैसला लिया जा चुका है।