Bangladesh vs New Zealand T20I Series: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज़ों की तिकड़ी. मुस्तफ़िज़ुर रहमान, तस्कीन अहमद और नाहिद राणा को चटगांव में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ पहले दो टी-20 इंटरनेशनल मैचों के लिए आराम दिया गया है। उनकी जगह, घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद रिपन मंडल और अनकैप्ड अब्दुल गफ़्फ़ार सकलैन को टीम में शामिल किया गया है।
दिसंबर में आयरलैंड के खिलाफ अपनी पिछली टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में खेली गई बांग्लादेश टीम में रिपन और सकलैन ही दो नए नाम हैं। वहीं जाकेर अली और माहिदुल इस्लाम को टीम से बाहर कर दिया गया है। तस्कीन औऱ राणा भी उस सीरीज का हिस्सा नहीं थे लेकिन पिछले कुछ समय में दोनों वनडे टीम का अहम हिस्सा रहे हैं।
रिपन ने अपने तीनों टी-20 इंटरनेशनल मैच में 2023 के एशियन गेम्स में खेले थे और हाल के समय में डेथ ओवर्स के स्पेशलिस्ट के तौर पर उभरे हैं। मार्च में हुए हीसीएल वन-डे टूर्नामेंट में वे आठ विकेट लेकर दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे। 28 साल के सकलेन ने मुश्किल लेंथ पर गेंदबाज़ी करने और अपनी विविधताओं का इस्तेमाल करने की काबिलियत दिखाई है, और वे अपनी ज़ोरदार हिटिंग के हुनर के लिए भी जाने जाते हैं।