पहली आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल 14-28 फरवरी के बीच खेली जाएगी, जिसकी मेजबानी अब भारत को मिल गई है। इसके पीछे की वजह श्रीलंका को मेजबानी से हटाया जाना है, क्योंकि वहां के क्रिकेट बोर्ड में सरकारी दखल के बाद प्रशासनिक सुधारों की प्रक्रिया जारी है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने एक बयान में कहा कि 6 टीमों वाला यह टूर्नामेंट अब दो वेन्यू पर खेला जाएगा, जिनमें क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (मुंबई) और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (वडोदरा) शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम इस प्रतियोगिता के लिए नहीं चुना गया, जहां भारत ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम किया था।
आईसीसी ने कहा, "यह टूर्नामेंट पहले श्रीलंका में होना था, लेकिन अब यह भारत में होगा, क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट जुलाई में आईसीसी के सालाना सम्मेलन में तय किए गए जरूरी सुधार कर रहा है।"