भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच शनिवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 'विमेंस एशिया कप 2026' का हाईवोल्टेज मैच खेला जाना है। यशस्वी जायसवाल के बचपन के कोच ज्वाला सिंह का मानना है कि भारत इस मुकाबले में बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगा।
भारतीय टीम ने थाईलैंड के खिलाफ 94 रन से जीत दर्ज करते हुए अपने विमेंस एशिया कप 2026 अभियान की शानदार शुरुआत की। इसके बाद 'विमेन इन ब्लू' ने हांगकांग, चीन को 137 रनों से रौंदकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब भारतीय टीम पाकिस्तान को शिकस्त देकर सुपर-4 में उतरना चाहेगी। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच अब तक कुल 17 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत 14-3 से काफी आगे है।
ज्वाला सिंह ने 'आईएएनएस' से कहा, "भारतीय महिला टीम जिस तरह से क्रिकेट खेल रही है, उसे देखते हुए आज दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में मुझे यकीन है कि भारतीय महिला खिलाड़ी अपनी ताकत दिखाएंगी। महिला क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ हमारा रिकॉर्ड पुरुषों के क्रिकेट से भी बेहतर है। मुझे पूरा भरोसा है कि आज भारतीय महिला टीम पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराएगी और दुबई के मैदान पर जीत का परचम लहराएगी।"