आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलने वाले वेस्टइंडीज के ऑलरांडर शेरफेन रदरफोर्ड ने कुछ ऐसा किया है जिसके कारण क्रिकेट फैंस को हैरानी हुई है और यह खिलाड़ी सुर्खियों में बना हुआ है।
अभी हाल ही में बीते 10 नवंबर को मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हराकर पांचवी बार आईपीएल ट्रॉफी पर अपना कब्जा किया। रदरफोर्ड आईपीएल में मुंबई की टीम में शामिल थे लेकिन इस पूरे टूर्नामेंट में इन्हें एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। रदरफोर्ड ने यह टूर्नामेंट खत्म होने के बाद सीधे कराची का रुख किया जहां उन्हें पाकिस्तान सुपर लीग में हिस्सा लेना है। रदरफोर्ड पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की ओर से खेलते है।
लेकिन जब इस ऑलराउंडर ने कराची एयरपोर्ट पर कदम रखा तो इन्होंने मुंबई इंडियंस की जर्सी पहन रखी थी। इसके अलावा इन्होंने जो मास्क पहन रखा था उसपर भी मुंबई इंडियंस की टीम का Logo था जिसके बाद कई क्रिकेट फैंस ने इस मामले पर अपनी अलग-अलग प्रतिक्रिया दी।