भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट का दूसरा सेशन भारतीय टीम के नाम रहा। आकाश दीप और अंशुल कंबोज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए इस सेशन में 3 विकेट चटकाए।
दूसरे सेशन की शुरुआत टॉम लाथम और हेनरी निकोल्स ने संभलकर की और 33 रन जोड़े तथा न्यूजीलैंड के स्कोर को 110 रनों तक पहुंचाया। हालांकि, लाथम और निकोल्स की इस साझेदारी को आकाश दीप ने तोड़ा। आकाश ने लाथम को 59 रनों के स्कोर पर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। लाथम ने अपनी इस पारी में 4 चौके लगाए।
इसके बाद अगले ही ओवर में अंशुल कंबोज ने पहले टेस्ट में शतकीय पारी खेलने वाले निकोल्स को आउट किया। निकोल्स 46 गेंदों का सामना करने के बाद 16 रन बनाकर आउट हुए। वह अपनी पारी में सिर्फ एक चौका लगा सके। रचिन रविंद्र को आकाश दीप ने खाता तक नहीं खोलने दिया और गेंद उनके बल्ले का भारी किनारा लेकर विकेटकीपर पंत के दस्तानों में समा गई। टी-ब्रेक तक डेरिल मिचेल 7 और टॉम ब्लंडेल 8 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।