क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने वरिष्ठ अधिवक्ता फियोना मैकलियोड एओ एससी को एक स्वतंत्र समीक्षा पैनल का प्रमुख नियुक्त किया है। यह पैनल ऑस्ट्रेलिया के 2018 के दक्षिण अफ्रीका टेस्ट दौरे के दौरान हुए विवादित घटनाक्रमों की जांच करेगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि समीक्षा की यह प्रक्रिया लगभग छह सप्ताह तक चलेगी। इसके बाद एक रिपोर्ट और सिफारिशें प्रस्तुत की जाएंगी, जिन्हें पूरी तरह सार्वजनिक किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की सबसे बदनाम घटनाओं में से एक के 8 साल बाद उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब "सब्र" में दावा किया कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को बॉल-टैम्परिंग की कोशिशों के बारे में पता था और तर्क दिया कि बैनक्रॉफ्ट, स्मिथ और डेविड वार्नर को अकेले सजा नहीं मिलनी चाहिए थी। किताब के लॉन्च और इसके खुलासों ने सैंडपेपरगेट विवाद को फिर से हवा देने का काम किया।
मैकलियोड के पास रॉयल कमीशन सहित जटिल और संवेदनशील मामलों की जांच का तीन दशक से अधिक का अनुभव है। वह दक्षिण अफ्रीका दौरे और उसके बाद हुई जांच से जुड़े लोगों के बयान दर्ज करने और उनसे जानकारी जुटाने की प्रक्रिया की निगरानी करेंगी। यह स्वतंत्र फोरम 2018 के दौरे में शामिल सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के साथ-साथ उस समय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) में जिम्मेदार पदों पर रहे अधिकारियों और बोर्ड सदस्यों को भी अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित करेगा। इसके अलावा, मैकलियोड आवश्यकता के आधार पर अन्य इच्छुक व्यक्तियों को भी इस प्रक्रिया में शामिल कर सकेंगी।