अनुभवी कोच मोंटी देसाई एक बार फिर भारतीय घरेलू क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। 52 वर्षीय देसाई को गुजरात क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच बनाया जा सकता है।
यह बदलाव कनाडा की पुरुष टीम के हेड कोच के पद से देसाई के हालिया इस्तीफे के बाद हो रहा है, जिससे टीम के साथ उनका दूसरा कार्यकाल तीन महीने से कुछ अधिक समय में ही समाप्त हो गया। उन्होंने इससे पहले 2019 में नामीबिया में वर्ल्ड क्रिकेट लीग 2 कैंपेन के दौरान कनाडा को कोचिंग दी थी।
गुजरात की सीनियर पुरुष टीम के भावी हेड कोच के रूप में मोंटी देसाई की नियुक्ति के बारे में पूछा जाने पर गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) के सचिव अनिल पटेल ने सोमवार को 'आईएएनएस' को बताया, "वे निश्चित रूप से इस भूमिका के लिए विचाराधीन हैं। हालांकि, हम एक सप्ताह के भीतर फैसला करेंगे। हमारे ट्रायल और प्रैक्टिस मैच चल रहे हैं, इसलिए हम उसके बाद निर्णय लेंगे और आधिकारिक घोषणा करेंगे।"