आईएलटी20 की मौजूदा चैंपियन टीम डेजर्ट वाइपर्स को बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तानी तेज गेंदबाज नसीम शाह बाएं घुटने में चोट के कारण टूर्नामेंट के शेष मुकाबले नहीं खेल सकेंगे।
फ्रेंचाइजी ने शनिवार को बताया कि मेडिकल जांच के बाद यह फैसला लिया गया है कि 23 वर्षीय नसीम शाह अब इस सीजन में आगे हिस्सा नहीं लेंगे। उन्हें यह चोट सोमवार को शारजाह वॉरियर्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान लगी थी। फिलहाल डेजर्ट वाइपर्स ने उनकी जगह किसी नए खिलाड़ी की घोषणा नहीं की है।
पॉल वाल्टर को आउट करने के लिए यॉर्कर गेंद फेंकने के बाद नसीम शाह का बायां घुटना गलत तरीके से जमीन पर पड़ा, जिससे उन्हें चोट लग गई और वह मैदान पर गिर गए। चोट लगने के बाद वह मैच जारी नहीं रख सके और 2.5 ओवर गेंदबाजी करने के बाद मैदान छोड़कर बाहर चले गए। इससे पहले उन्होंने अपने स्पेल में 31 रन देकर 1 विकेट लिया था।