संदीप लामिछाने आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ में मेजबान नेपाल की कमान संभालेंगे। टीम में करण केसी, पूर्व कप्तान रोहित पौडेल, दीपेंद्र सिंह ऐरी और विकेटकीपर-बल्लेबाज आसिफ शेख जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। 4 से 21 दिसंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट से क्वालीफायर में जगह बनाने वाली 4 टीमों का फैसला होगा।
इस प्लेऑफ में आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें नेपाल, इटली, नामीबिया, युगांडा, कुवैत, कनाडा, जर्सी और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। इस टूर्नामेंट से उन अंतिम चार टीमों का पता चलेगा जो अगले चरण में पहले से क्वालीफाई कर चुकी छह टीमों के साथ जुड़ेंगी।
छह टीमें पहले ही क्वालीफायर में अपना स्थान सुनिश्चित कर चुकी हैं, जिनमें दो बार की पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता वेस्टइंडीज, आयरलैंड, नीदरलैंड, ओमान, स्कॉटलैंड और यूएसए शामिल हैं। अगले महीने नेपाल में होने वाले आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ के जरिए चार और टीमें क्वालीफाई करेंगी।