सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है क्योंकि उनके नियमित कप्तान पैट कमिंस टूर्नामेंट के शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे। इसीलिए पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में हैदराबाद ने कप्तानी की ज़िम्मेदारी ईशान किशन को सौंपी है। इसके अलावा अभिषेक शर्मा उनके उप-कप्तान होंगे। ये फैसला किशन के घरेलू मैदान पर खेले गए शानदार टी-20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान के बाद लिया गया है।
इस टूर्नामेंट में उन्होंने नौ मैचों में 35.22 की औसत और 193.29 के ज़बरदस्त स्ट्राइक रेट से कुल 317 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक भी शामिल थे। हालांकि, एक बल्लेबाज़ के तौर पर उनकी काबिलियत पर इस समय कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता, लेकिन आईपीएल में कप्तानी का अनुभव न होना अभी भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
कुछ फैंस ये सवाल उठा रहे हैं कि क्या SRH ने सही फ़ैसला लिया है? और क्या किशन 2016 की चैंपियन टीम की कप्तानी की ज़िम्मेदारी उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं?तो चलिए हम आपके मन में चल रहे इस सवाल का जवाब देते हैं। अगर किशन के कप्तानी अनुभव की बात करें तो उन्होंने 2019 से अब तक 29 टी-20 मैचों में कप्तानी की है, जिनमें से 24 में उन्हें जीत मिली और सिर्फ़ पांच में हार का सामना करना पड़ा।