टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन (Shikhar Dhawan) एक बार फिर अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक धवन जल्द ही अपनी आयरिश गर्लफ्रेंड सोफी शाइन (Sophie Shine) के साथ शादी के बंधन में बंध सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह शादी फरवरी महीने में दिल्ली एनसीआर में बेहद निजी तरीके से होगी।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ शिखर धवन, जिन्होंने अक्टूबर 2024 में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था, अब अपनी ज़िंदगी की नई पारी शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट अनुसार, शिखर धवन फरवरी महीने के तीसरे हफ्ते में आयरलैंड की रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ शादी करने जा रहे हैं। यह शादी दिल्ली एनसीआर में एक निजी समारोह के रूप में आयोजित की जाएगी, जिसमें बेहद सीमित मेहमानों को ही न्योता दिया जाएगा।
शिखर धवन और सोफी शाइन ने साल 2025 के मध्य में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इससे पहले धवन अक्टूबर 2023 में अपनी पहली पत्नी आयशा मुखर्जी से कानूनी रूप से अलग हो चुके थे। हालांकि, रिश्ते की आधिकारिक घोषणा से पहले भी दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया था, जिससे उनके अफेयर की चर्चा शुरू हो गई थी।