महिला बिग बैश लीग (WBBL 2026) के 35वें मुकाबले में गुरुवार (26 नवंबर) को सिडनी सिक्सर्स (Sydney Sixers) और मेलबर्न स्टार्स (Melbourne Stars) की टीमें आमने-सामने थीं। नॉर्थ सिडनी ओवल में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड की स्टार बल्लेबाज सोफिया डंकले (Sophia Dunkley) ने अपनी शानदार फील्डिंग से महफिल लूट ली। उन्होंने मेलबर्न स्टार्स की कप्तान और ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी बल्लेबाज मेग लैनिंग (Meg Lanning) का एक शानदार कैच पकड़ा।
लैनिंग का विकेट मेलबर्न स्टार्स की पारी के आठवें ओवर में गिरा। इस ओवर में गेंदबाजी कर रहीं एश्ले गार्डनर (Ashleigh Gardner) की गेंद पर लैनिंग ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद को सही तरह से टाइम नहीं कर सकीं। गेंद हवा में ऊंची उठकर एक्स्ट्रा कवर की दिशा में चली गई, जहां सोफिया डंकले तैनात थीं।
डंकले ने गेंद को हवा में जाते ही भांप लिया और तेजी से अपनी पोजिशन बदली। इसके बाद उन्होंने बाईं ओर छलांग लगाते हुए हवा में ही गेंद को शानदार तरीके से लपक लिया। इस तरह गार्डनर को लैनिंग का अहम विकेट मिला और उनकी पारी 22 गेंदों में 23 रन बनाकर समाप्त हो गई।