टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्म-अप मुकाबले में ईशान किशन ने ओपनिंग करते हुए महज 20 गेंदों में 53 रन ठोककर शानदार संदेश दे दिया। उनकी इस आक्रामक पारी ने टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर को मजबूत संकेत दिए हैं। लगातार दमदार प्रदर्शन के बाद ईशान ने प्लेइंग इलेवन में अपनी दावेदारी अब लगभग पक्की कर ली है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बुधवार, 4 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे वॉर्म-अप मैच में ईशान किशन ने ओपनिंग करते हुए तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी की। संजू सैमसन की जगह पारी की शुरुआत करने उतरे ईशान ने आते ही अफ्रीकी गेंदबाज़ों पर दबाव बना दिया।
इस मुकाबले में ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों में 53 रन ठोक दिए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 चौके और 7 लंबे छक्के निकले। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत ही लुंगी एनगिडी की गेंद पर छक्का जड़कर की और छठे ओवर में क्वेना मफाका पर सिक्स लगाकर अर्धशतक पूरा किया।