वर्ल्ड कप 1983 की विजेता टीम के सदस्य मदन लाल ने पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत के प्रदर्शन की तारीफ की। हालांकि, पूर्व भारतीय क्रिकेटर का मानना है कि मैच के बाद जश्न मनाते समय खिलाड़ियों को थोड़ा और संयम बरतना चाहिए था।
शनिवार को अल अमीरात में खेले गए रोमांचक फाइनल में भारत ने अंतिम गेंद पर चौका जड़ते हुए पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार मेंस अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। हालांकि, जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जिस तरह से पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने अपनी भावनाओं का इजहार किया, उसने फैंस और पूर्व क्रिकेटरों के बीच बहस छेड़ दी है।
मदन लाल ने 'आईएएनएस' से कहा, "एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय अंडर-19 खिलाड़ियों ने शानदार क्रिकेट खेला, और भारतीय क्रिकेट का भविष्य निश्चित रूप से बहुत उज्ज्वल नजर आ रहा है। हालांकि, मेरा मानना है कि मैच के बाद जश्न मनाते समय उन्हें थोड़ा और संयम बरतना चाहिए था। यह कुछ ज्यादा ही हो गया। उन्हें यह समझने की जरूरत है कि एक बड़ी टीम के बर्ताव और एक छोटी टीम के बर्ताव में फर्क होता है। जीतना जरूरी है, लेकिन गरिमा बनाए रखना और विरोधी टीम का सम्मान करना भी उतना ही अनिवार्य है।"