क्रिकेट में आमतौर पर खिलाड़ी 30-35 साल की उम्र के बाद अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर पहुंचने लगते हैं, लेकिन आइल ऑफ मैन की महिला क्रिकेटर जोआन हिक्स (Joanne Hicks) ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है। 51 साल की उम्र में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो इससे पहले करीब 96 साल तक कायम था।
जोआन हिक्स ने गुरुवार (27 अगस्त) को ग्रीस महिला टीम के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए। उन्होंने यह कारनामा 51 साल और 173 दिन की उम्र में किया, जिसके साथ ही वह पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट को मिलाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाली सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गईं।
इस मुकाबले में जोआन हिक्स ने अपने चार ओवर के स्पेल में महज 10 रन देकर पांच विकेट चटकाए। यह टी20 क्रिकेट में उनका तीसरा पांच विकेट हॉल रहा और उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी बन गया।