Jos Buttler Breaks Chris Gayle Record: इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया और इसके साथ ही वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
द हंड्रेड 2026 का तीसरा मुकाबला गुरुवार (23 जुलाई) को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में लंदन स्पिरिट और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के बीच खेला गया। इस मैच में भले ही जोस बटलर बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे बटलर ने 11 गेंदों में 16 रन बनाए। लेकिन इस छोटी पारी के जरिए उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने कुल रन 14,572 तक पहुंचा दिए।
इसी के साथ उन्होंने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया और टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए। क्रिस गेल ने अपने टी20 करियर में 463 मैच खेलते हुए 14,562 रन बनाए थे। फिलहाल टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान कीरोन पोलार्ड के नाम दर्ज है। पोलार्ड ने 746 मैचों की 663 पारियों में 14,803 रन बनाए हैं।