Jos Buttler Record: इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में एक बड़ा इतिहास रचने के बेहद करीब हैं। अगर वह पहले टी20 मुकाबले में 31 रन बना लेते हैं तो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे, जो अभी तक कोई भी खिलाड़ी नहीं कर पाया है।
भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार (1 जुलाई) से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत करेगी। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज के बाकी मुकाबले 4, 7, 9 और 11 जुलाई को आयोजित होंगे। इस बहुप्रतीक्षित सीरीज में इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा।
दरअसल, जोस बटलर भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 700 रन पूरे करने से सिर्फ 31 रन दूर हैं। बटलर ने भारत के खिलाफ अब तक 25 पारियों में 669 रन बनाए हैं। अगर वह पहले मैच में 31 रन और बना लेते हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल इतिहास में दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ 700 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।