पांच बार की फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन ब्राजील की टीम पहली बार भारत का दौरा करेगी। यह टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भारत के साथ फ्रेंडली मैच खेलेगी। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली इससे बेहद खुश हैं। उनका मानना है कि जब आप खुद से बेहतर खिलाड़ियों के साथ खेलते हैं, तो खुद भी बेहतर बनते हैं।
सौरव गांगुली ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, "फुटबॉल एक शानदार खेल है। मुझे इसे देखना पसंद है। ब्राजील फुटबॉल खेलने वाले सबसे बेहतरीन देशों में से एक है। मुझे उम्मीद है कि वे एक बहुत मजबूत टीम के साथ आएंगे और इससे हमारे फुटबॉलर को अच्छा अनुभव मिलेगा, क्योंकि जब आप अपने से बेहतर खिलाड़ियों के साथ खेलते हैं, तो आप भी बेहतर बनते हैं। तो, यह भारतीय फुटबॉल के लिए बहुत अच्छा है। सिर्फ ब्राजील ही नहीं, उरुग्वे और पनामा भी आ रहे हैं, यानी कई टीमें फुटबॉल खेलने के लिए बंगाल आ रही हैं। उम्मीद है कि यह सिलसिला लगातार चलता रहेगा, क्योंकि इससे खिलाड़ियों को बहुत अच्छा अनुभव मिलेगा।"
भारत की सीनियर मेंस फुटबॉल टीम फीफा मेंस इंटरनेशनल मैच विंडो के दौरान पनामा के खिलाफ एक दोस्ताना मैच की मेजबानी करने जा रही है, जिसके बाद उसका सामना उरुग्व और ब्राजील से होगा।