SA vs AUS 1st ODI: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच गुरुवार (24 सितंबर) को डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेला जा रहे पहले वनडे में एक बार फिर शानदार फील्डिंग का नजारा देखने को मिला। साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज रयान रिकेल्टन (Ryan Rickelton) अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन मैट रेंशॉ (Matt Renshaw) ने बाउंड्री के करीब शानदार कैच लेकर उनकी पारी ज्यादा देर नहीं चलने दी।
इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने पावरप्ले के अंदर ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। टोनी डी जॉर्जी खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए, जबकि क्विंटन डी कॉक 18 गेंदों में सिर्फ 14 रन ही बना सके। इसके बाद कप्तान टेम्बा बावुमा ने कुछ देर पारी संभाली, लेकिन वह भी 48 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हो गए।
हालांकि, पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे रयान रिकेल्टन अच्छी में लय में नजर आ रहे थे और तेजी से रन बना रहे थे, लेकिन उनकी पारी भी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। रिकेल्टन को एडम जांपा की गेंद पर मैट रेंशॉ ने एक शानदार कैच पकड़कर पवेलियन भेज दिया। 25 ओवर में गेंदबाजी कर रहे जांपा ने थोड़ी शॉर्ट गेंद डाली, जिसे रिकेल्टन ने अच्छी तरह पढ़ लिया और मिड-विकेट के ऊपर से शॉट खेल दिया।